भिवानी। नंदगांव में युवक की हत्या शराब पीकर हंगामा कर रहे दो व्यक्ति को टोकने पर हुई थी। पुलिस ने मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर सरपंच व उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना अंतर्गन गांव नंदगांव में रविवार रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। झगड़े में गंभीर रूप से घायल करीब 25 वर्षीय युवक प्रदीप की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई थी। सरपंच प्रताप के सिर में भी चोट आई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। झगड़ा शराब पीकर हंगामा करने वालों को टोकने पर हुआ। दरअसल दोनों पक्षों के मकान एक ही गली में पास पास है। एक पक्ष के दो व्यक्ति शराब के नशे में आए। उन्हें हंगामा करने से टोकने पर विवाद हुआ और बात झगड़े तक पहुंच गई, जिसमें चोट लगने के कारण प्रदीप की जान गई।
मामले में सोमवार को सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता रामफल के बयान दर्ज किए। मृतक के पिता ने सरपंच व उसके परिवार पर हमला करने और उसके बेटे की हत्या का आरोप लगाया। पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने सरपंच व उसके परिवार के चार सदस्यों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। खासी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया और गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। सदर थाना एसएचओ उदमीराम ने बताया कि नंदगांव में दो पक्षों में हुए झगड़े में प्रदीप नामक युवक की मौत हुई है। मामले में मृतक के पिता के बयान पर सरपंच प्रताप, उसके भाई जयपाल, प्रताप की पत्नी रोशन देवी, पुत्र सतेंद्र व एक अन्य परिजन सचिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
इकलौता था, परिवार ही उजड़ गया
मृतक के पिता रामफल ने कहा कि प्रदीप उसका इकलौता बेटा था। उसी की इन लोगों ने जान ले ली। उसका तो पूरा परिवार ही उजड़ गया है। डेढ़ साल के मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।