मौर्या एंक्लेव थाना इलाके में एक शख्स ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का महासचिव बताकर ट्रेवल एजेंसी से होंडा सिटी कार किराये पर ली और रफूचक्कर हो गया। अब ट्रैवल एजेंसी की शिकायत पर पुलिस अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, पीतमपुरा के एसडी ब्लॉक डीडीए मार्केट में विवेक ट्रैवल एजेंसी का कार्यालय है। एजेंसी सेल्फ ड्राइव करने वालों को किराये पर कार मुहैया करवाती है।
एजेंसी के मैनेजर बीआर नोटियाल ने मौर्या एंक्लेव थाने में शिकायत कर आरोपी शख्स पर चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में उसने बताया कि जीएस बाली नाम के शख्स ने पांच अगस्त को लेट मी ड्राइव ऐप के जरिये होंडा सिटी कार को एक दिन के लिए बुक किया।
उसने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी का महासचिव बताते हुए अपना पता मोहाली पंजाब का लिखाया। उसने अपने कई मोबाइल नंबर भी दर्ज करवाए। उसके बाद बाली कार को किराये पर ले गया। अगले दिन उसने कार की बुकिंग 22 अगस्त तक बढ़ा दी।
इस दौरान 17 अगस्त को कार का जीपीएस सिस्टम बंद हो गया। हालांकि बुकिंग 22 अगस्त तक थी इसलिए ट्रैवल एजेंसी के कर्मचारियों ने उससे संपर्क नहीं किया।
लेकिन 22 अगस्त को कार वापस नहीं आने पर कर्मचारियों ने बाली के नंबरों पर संपर्क किया लेकिन उसके सभी मोबाइल फोन बंद मिले। उसके बाद मैनेजर ने इसकी शिकायत मौर्या एंक्लेव थाने में की।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि बाली ने जो भी मोबाइल नंबर दिए थे वह अलग-अलग लोगों के नाम पर रजिस्टर है। पुलिस की एक टीम मोहाली स्थित उसके आवास पर दबिश देने के लिए भेजी गई है।
पुलिस ने आशंका जताई है कि उसका पता भी फर्जी हो सकता है। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि वाहन चोर ने नए तरीके को अपनाकर वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस की अंतिम लोकेशन के जरिये कार का पता लगाने की में जुट गई है।