आईपी इस्टेट इलाके में शनिवार देर रात कार सवार बदमाशों ने एक कारोबारी से 30 लाख रुपये लूट लिए, जिसमें 12 लाख कीमत के विदेशी करेंसी थी। बदमाशों ने ओवरटेक कर कारोबारी को रूकवाया और पिस्टल के बल पर बैग लूटकर फरार हो गये।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नीरज पंकज सपरिवार आनंद विहार के अशोका निकेतन में रहते हैं। उनका कनॉट प्लेस में अपना कारोबार है।
शनिवार रात वह अपनी स्कोडा कार से घर जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे डीडीयू मार्ग पर एक वर्ना कार में सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका। जब तक कुछ समझ पाते एक बदमाश उनके पास आया और पिस्टल लगाकर उनसे डॉलर के बारे में पूछताछ करने लगा।
दो और बदमाश कार से उतरने के बाद कारोबारी की कार को दोनों तरफ से घेर लिया। उनके पास हथियार थे, नीरज पंकज काफी डर गये और उन्होंने बदमाशों को कार की चाबी दे दी। बदमाशों ने कार की डिग्गी खोलकर उसमें रखे बैग को लूटकर फरार हो गये।
भागने के दौरान बदमाश अपने साथ कारोबारी के कार की चाबी भी ले गये। कारोबारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। घबराहट की वजह से कारोबारी ने पुलिस को रविवार को बयान देने की बात कही।
रविवार को कारोबारी ने थाने में पहुंचकर अपना बयान दर्ज करवाया। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि बैग में 12 लाख कीमत के डॉलर और 18 लाख नकदी के अलावा पत्नी और बेटी का पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, कई बैंक के क्रेडिट कार्ड, लैपटॉप और दुकान की चाबियां थी।
कारोबारी ने बताया कि रविवार होने की वजह से वह नकदी और डॉलर को लेकर घर जा रहा थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है इसमें परिचित के शामिल होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
बदमाशों को इस बात की जानकारी थी कि कारोबारी के पास डॉलर मौजूद है। पुलिस इसी को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।