फरीदाबाद में पुलिस से बेखौफ चोर सरेशाम वाहनों को निशाना बना रहे हैं। बुधवार की शाम चोरों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे पांच लाख रुपये और लैपटॉप पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-12 निवासी हितेश शर्मा बिजली के उपकरणों के थोक व्यापारी हैं। बुधवार उन्होंने दुकानदारों से पांच लाख रुपये से अधिक पेमेंट वसूल किया था। कार की पिछली सीट पर रुपयों भरा बैग और लैपटॉप रख कर वह घर जा रहे थे।
रास्ते में एक दोस्त का फोन आने पर उन्होंने कार सेक्टर-12 पार्श्वनाथ मॉल के सामने खड़ी कर दी और उससे मिलने अंदर चले गए।
पंद्रह मिनट के बाद लौट कर आए तो देखा कार के पिछले दरवाजे का शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखा रुपयों भरा बैग व लैपटॉप गायब हैं। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।