साइबरसिटी में लूट गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली ग्राउंड की पार्किंग से देररात कुछ बदमाशों ने कैंटर चालक को बंधक बनाकर कैंटर लूटकर ले गए।
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर निवासी कैंटर चालक दलीप कुमार मंगलवार को कैंटर लेकर सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली ग्राउंड में पहुंचा था। यहां पार्किंग में कैंटर खड़ा करने के बाद वह उसमें सो गया। पुलिस के अनुसार रात को कुछ बदमाशों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया।
बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर कैंटर में डाल लिया और कैंटर लेकर फरार हो गए। पीड़ित चालक के अनुसार पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उनके गिरोह के कुछ सदस्य आगे बोलरो गाड़ी में रास्ता क्लियर करते चल रहे थे। देररात को बदमाशों ने सोहना रोड स्थित फाजिलपुर गांव के पास चालक को फेंककर फरार हो गए।
चालक की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सकें। इस संबंध में सेक्टर-29 थाना पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई लखपत के अनुसार बदमाशों को पकड़ने के लिए कई थानों में सूचना दे दी गई है। टीम बनाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पिछले हफ्ते भी कुछ बदमाशों ने एक ट्रक को लूट लिया था। हफ्तेभर में वाहन लूट की दूसरी वारदात के बाद पुलिस गिरोह की सक्रियता को लेकर जांच शुरू कर दी है।