पंजाबी बाग इलाके में बदमाशों ने चालक को बेहोशी की सूई लगाकर ट्रक समेत लाखों का सामान लूट लिया। बदमाश चालक को पटरी पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार बिहार के सहरसा का रहने वाला दीपक गुड़गांव की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है।
रविवार रात दीपक मंडोली से फिलिप्स कंपनी का इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रिकल सामान लादकर ओखला फेज दो के लिए चला। जब वह ट्रक लेकर मोती नगर फ्लाईओवर पंजाबी बाग पर चढ़ा तभी ईको कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रुकवा लिया।
तीन बदमाश कार से नीचे उतरे और ट्रक चालक को बंधक बनाकर लूटपाट शुरू कर दी। दीपक के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दे दिया जिससे वह बेहोश हो गया। दो घंटे के बाद जब उसे होश आया तो वह खुद को नारायणा फ्लाईओवर की पटरी पर पाया। बदमाश ट्रक को लेकर जा चुके थे।
दीपक ने वहां से गुजर रहे एक ट्रक को रोककर उसके चालक की मदद से पुलिस को फोन पर शिकायत दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीपक का मेडिकल करवाया। दीपक ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसके दो मोबाइल और 25 सौ रुपये भी लूट ले गए।