सिविल लाइंस इलाके में अपने चचेरे भाई की हत्या के मामले में गवाही देने वाले शख्स को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। पीड़ित का आरोप है कि गवाही देने पर तीन आरोपियों ने उसे अदालत से निकलने के दौरान हत्या करने की धमकी दी।
उसके बाद से लगातार उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सब्जी मंडी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नवाबुद्दीन (34) सपरिवार बाड़ा हिंदूराव के ठेले वाली गली में रहता है।
वह पेशे से बिल्डर है। नवाबुद्दीन के मुताबिक 29 अक्तूबर 2010 में उसके चचेरे भाई दानिश की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का वह मुख्य गवाह है। पुलिस ने हत्या के आरोप में कासिफ, मुन्ना और आसिफ को गिरफ्तार किया था।
दानिश ने इलाके में इनकी गुंडागर्दी का विरोध किया था। जान से मारने की धमकी मिलने की वजह से उसे दिल्ली स्टेट लिगल सर्विसेज ऑथिरिटी के आदेश पर नवाबुद्दीन को दिल्ली पुलिस से दो पीएसओ दिए गए हैं।
नवाबुद्दीन के अनुसार हत्या का मामला तीस हजारी अदालत में विचाराधीन है। गत 15 अक्तूबर को नवाबुद्दीन अदालत में गवाही देने के लिए गया था। गवाही देकर अदालत से निकलने के दौरान कासिफ ने उससे गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
नवाबुद्दीन ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके बाद से उसे फोन पर लगातार धमकियां दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस तकनीकी आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।