मंदिर के पुजारी के सहारे कच्छा-बनियान गिरोह ने शनिवार रात चिरसी गांव के सरकारी विद्यालय में डकैती डाली। स्कूल में सो रही एक महिला समेत सात मजदूरों के साथ लूटपाट की।
डकैतों ने पुजारी को बंधक बनाकर स्कूल तक ले गए। उन्होंने पुजारी पर दबाव बनाकर मजदूरों से कहलवाया कि पुलिस आई है दरवाजा खोलो। इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। इसकी शिकायत ग्रेटर नोएडा कोतवाली पुलिस से की गई है, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चिरसी गांव के स्कूल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका ठेका गोपाल नाम के व्यक्ति के पास है। स्कूल में सात मजदूर काम कर रहे है। वह स्कूल में ही सो रहे थे। गोपाल का सहयोगी पप्पू ठेकेदार ने जानकारी देते हुए बताया कि शानिवार की रात मंदिर के पुजारी को लेकर सात-आठ लोग कच्छा बनियान पहने हुए स्कूल के पास पहुंचे थे। उन्होंने पुजारी से कहलवाया कि पुलिस आई है।
यह सुनकर मजदूरों ने दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने मजदूरों के मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये नगद, महिला के कान के कुंडल लूट लिया। पुजारी के साथ भी मारपीट और लूटपाट किया। वहां से निकलने के बाद बदमाशों ने गांव के रहने वाले राजू और दीपक से दो मोबाइल और हजारों रूपये कैश छीन लिया और भाग निकले। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।
लोगों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। वहीं एसपी देहात अभिषेक यादव का कहना है कि घटना के बारे में उन्हें भी नहीं पता है। पीड़ित अगर शिकायत करते हैं तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।