फतेहपुरबेरी के असोला गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ झगड़ा शुक्रवार को दो समुदायों के बीच खूनी झड़प में बदल गया। दोनों वर्गों की तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई और बोतलें फेंकी गई।
इस बवाल में पांच पुलिसकर्मी समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने मौकेपर पहुंचकर स्थिति को समय से संभाल लिया था। शनिवार रात तक असोला गांव में तनाव रहने के कारण गांव व आसपास पुलिसकर्मी समेत भारी संख्या में सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया।
दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि फतेहपुरबेरी थाना पुलिस में दंगा भड़काने का मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों समुदायों के करीब 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं कुछ नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, असोला गांव में दो समुदाय के लोग काफी मात्रा में रहते हैं।