ब्रह्मपुरी इलाके में हुए तिहरे हत्याकांड में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि तिहरे हत्याकांड में परिवार के किसी जानकार का हाथ है।
मामले की छानबीन के लिए आठ टीमों का गठन किया गया है। सायरा और मेहरुन्निसा की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाकर पुलिस ने कुछ टीमों को छानबीन के लिए यूपी और उत्तराखंड रवाना किया है।
छानबीन के दौरान पुलिस को सायरा व मेहरुन्निसा के मोबाइल फोन गायब मिले हैं। पुलिस लूटपाट के लिए हत्याकांड से इनकार कर रही है।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लूटपाट या मेहरुन्निसा के प्रेम प्रसंग की वजह से हत्या की आशंका है। पुलिस इन दोनों दृष्टिकोणों के अलावा अन्य दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात तक सायरा को घर से बाहर निकलते हुए देखा गया था। इसके अलावा शुक्रवार को मेहरुन्निसा के मोबाइल से आखिरी बार बात हुई है।
हत्या के समय बदमाशों की घर में हुई फ्रेंड्ली एंट्री
तिहरा हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
घर में एंट्री तो फ्रेंडली की, लेकिन बदमाशों की मेहरुन्निसा से खूब गुत्थम-गुत्था हुई। गले पर कट के अलावा उसके हाथों पर भी चाकुओं के निशान हैं।
क्राइम सीन देखकर ऐसा लगता है कि बदमाशों ने पहले मेहरुन्निसा को उसके कमरे में मौत के घाट उतारा। इसके बाद नौ साल की शबनम को बाथरूम में मारा गया। बाद में बदमाशों ने दूसरी मंजिल पर जाकर सायरा को मारा।
ऐसा लगता है कि शुक्रवार रात के समय वारदात को अंजाम दिया गया। हत्याकांड के समय सायरा व मेहरुन्निसा के कमरों का एसी चल रहा था। पुलिस ने रविवार को जब उनके शव बरामद किए तो उस समय भी कमरे का एसी चल रहा था।
इधर आशंका व्यक्त की जा रही थी कि वारदात में सायरा का किरायेदार दानिश भी शामिल हो सकता है, लेकिन पुलिस ने सोमवार को उसे हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
शुरुआती जांच में उसका हाथ सामने नहीं आ रहा है। वहीं, छानबीन के दौरान पता चला कि सायरा के पति असलम उर्फ मुन्ना की दूसरी पत्नी के लड़के मकान खाली करने के लिए धमकाते थे। पुलिस इस एंगल से भी छानबीन कर रही है।
वहीं, पुलिस को मेहरुन्निसा की मोबाइल कॉल डिटेल से पता चला कि उसके उसके मोबाइल पर करीब आधा दर्जन नंबरों से लगातार बात होती थी। पुलिस उन नंबरों की भी पड़ताल कर रही है।
वहीं मेहरुन्निसा ने एक साल पूर्व सीलमपुर ओर न्यू उस्मानपुर में दो कारोबारियों के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी, जिन्हें उसने वापस भी ले लिया था, लेकिन एक कारोबारी ने उसे धमकी दी थी।
पुलिस इन सभी दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।