कविनगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में बीमार भांजे को देखने आई एक महिला से उसकी बहन के देवर ने रेप की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उससे मारपीट करते हुए धारदार हथियार से वार कर दिया।
मामले की शिकायत पीड़िता ने अपने पति के साथ कविनगर पुलिस से की। पुलिस ऐसे किसी मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
दिल्ली के जहांगीरपुरी में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी छोटी बहन का बीमार बेटा शास्त्रीनगर के एक अस्पताल में भर्ती है।
भांजे को देखने पति के साथ सोमवार रात गाजियाबाद आई थी और देखभाल के लिए रात को अस्पताल में ही रुक गई। जबकि उसका पति मसूरी स्थित ससुराल चला गया।
पीड़िता ने बताया कि मंगलवार दोपहर उसकी बहन का देवर अस्पताल पहुंचा और उसे जबरन टॉयलेट में खींचने की कोशिश की।
बचाव के लिए उसने शोर मचाया तो आरोपी ने उससे मारपीट की और हाथ पर धारदार हथियार से वार करके भाग निकला। पीड़िता ने मामले की शिकायत अपने पति व मसूरी निवासी भाई से की। दोनों उसे लेकर कविनगर थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
उधर इंस्पेक्टर कविनगर का कहना है कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कुकर्म के आरोपी पति को पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार
कुकर्म के आरोपी पति की गिरफ्तारी न होने पर महिला डॉक्टर ने मंगलवार को तहसील दिवस में डीएम, एसएसपी से शिकायत की। आरोप है कि लोहा कारोबारी पति केस वापस लेने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता का कहना है कि दबिश से पहले ही आरोपी को सूचना मिल जाती है। महिला ने आरोपी पति सहित नामजद अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
विजयनगर में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी। ससुरालियों ने दहेज में महंगी कार व जेवरात न मिलने पर प्रताड़ित किया। पति जबरन कुकर्म करता था।
शिकायत करने पर अन्य ससुरालियों ने मारपीट की। आरोप है कि महिला थाने में दर्ज शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपी क ो गिरफ्तार नहीं किया।
दो बार पुलिस को पति की मौजूदगी की जानकारी दी, लेकिन दबिश दिए जाने पर आरोपी घर से गायब मिले। पीड़िता ने पुलिस पर आरोपी पति से मिलीभगत का आरोप लगाया है।