कल्याणपुरी इलाके में चालान काटने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। बेचारे पुलिस कर्मियों का कसूर बस इतना था कि उन्होंने आरोपियों द्वारा बिना हेलमेट के आ रहे कुछ लड़कों से वापस भगाने का कारण पूछ लिया था। मौके पर तीन आरोपियों को दबोच लिया गया।
इनकी पहचान त्रिलोकपुरी निवासी दिनेश, प्रेम और ललित त्यागी के रूप में हुई है। पुलिस इनके एक अन्य साथी की तलाश कर रही है। कल्याणपुरी थाना पुलिस ने इनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कल्याणपुरी थाने में तैनात एएसआई सुरेंद्रपाल सिंह (48) और सिपाही कालूराम (30) की सोमवार सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक ईआरवी पर ड्यूटी थी। दोनों कल्याणपुरी 13 ब्लॉक के तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग और चालान कर रहे थे। सुबह करीब 11.00 बजे बिना हेलमेट आ रहे दो युवकों को एक लड़के ने चालान कटने की बात कर वापस भेज दिया।
सुरेंद्रपाल ने युवक से पुलिस की मदद करने के बजाए बिना हेलमेट वालों को वापस भेजने का कारण पूछा तो आरोपी बदसलूकी करने लगा। उसने दिनेश नामक एक शख्स को बुला लिया। दिनेश ने आते ही कहा कि आज इंन पुलिसकमिर1़यों को फंसा देते हैं। यह कहकर दिनेश ने वहां खड़े एक छोटे हाथी में अपना सिर मारना शुरू कर दिया।
खुद को घायल करने के बाद आरोपियों ने कहा कि अब इनको फंसा देंगे। इसी दौरान दिनों ने दो और लोगों को बुला लिया। चारों ने मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने सुरेंद्रपाल की वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही कालूराम ने वायरलैस पर संदेश कर मदद मांगी। फौरन थाने से आए कुछ लोगों ने दोनों को बचाया। तीनों आरोपियों को मौके से काबू कर लिया गया, जबकि इनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर इनके चौथे साथी की तलाश कर रही है।