क्राइम यूनिट-5 सोहना की पुलिस टीम ने महेंद्रवाड़ा से चार वाहन चोर पकड़े हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार कार, दो मोटर साइकिल, एक देशी कट्टा व पांच कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना भोंडसी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 9 वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस कार्रवाई दौरान पकडे़ गए आरोपी गांधी नगर निवासी सीताराम, जोनी, नई बस्ती कादीपुर निवासी विजय और सेक्टर 40 निवासी संजीव हैं।
पुलिस ने इनके बताए गए ठिकानों से चोरी की चार कारें, दो बाइकें, एक देशी कट्टा व पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना शहर क्षेत्र की दो, थाना डीएलएफ सेक्टर-29 क्षेत्र की तीन, थाना सेक्टर-40 क्षेत्र की तीन और थाना थाना बादशाहपुर क्षेत्र में वाहन चोरी की एक वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।