आगामी त्योहारों और पंचायत चुनावों में असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इंटेलीजेंस इनपुट के बाद एलआईयू और पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।
शनिवार रात हुई क्राइम मीटिंग में डीआईजी आशुतोष कुमार और एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने हिदायत दी कि छोटी-छोटी सूचनाओं पर भी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे।
अफवाह फैलाने वालों को रडार पर लें। सोशल साइट्स की निगरानी करें। भड़काऊ मैसेज और पोस्ट करने वालों को जेल भेजें।
इंटेलीजेंस इनपुट है कि गाजियाबाद में असामाजिक तत्व बवाल करा सकते हैं, किसी बात को तूल देकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं।
पुलिस का मानना है कि व्हाट्स एप से अफवाहें बड़ी जल्दी और दूर तक फैल जाती हैं, लिहाजा ऐसे भड़काऊ पोस्ट करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इनामी बदमाशों को जेल भेजा जाए।
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में बवाल या सौहार्द बिगाड़े की कोई स्पेसेफिक सूचना तो नहीं है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने या बवाल करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे लोग सलाखों में होंगे। किसी को भी कानून व्यवस्था नहीं बिगाड़ने दी जाएगी।