मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी नेशनल शूटर दिलीप चंदेल की मौत के मामले में परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पेट्रोल पंप व्यवसाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात को वह बिजुआ रोड स्थित आदित्य पुरवार के क्रेशर के पास पेट्रोप पंप व्यवसाई राहुल शर्मा उर्फ विक्की से उधारी का पांच लाख रुपया लेने गए थे, जहां आरोपी ने रॉड से उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह कोमा में चले गए। लखनऊ में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई महीप सिंह चंदेल ने शनिवार को अंतिम संस्कार करने के बाद रात को सदर कोतवाली में तहरीर देकर मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी राहुल शर्मा उर्फ विक्की के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटनास्थल भीरा क्षेत्र में होने की वजह से मामले की विवेचना भीरा थाना पुलिस करेगी।
मृतक के भाई महीप चंदेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उससे बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे उसके बड़े भाई दिलीप चंदेल ने द्वारिकापुरी निवासी राहुल शर्मा उर्फ विक्की को उधार दिए गए पांच लाख रुपये लेने के लिए महेवागंज स्थित पेट्रोल पंप पर चलने के लिए कहा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दिलीप चंदेल के साथ कार से पंप पर रुपये लेने गया था, जहां राहुल शर्मा ने कुछ देर इंतजार करने को बैठा लिया। इस बीच दिलीप ने अपने दोस्त मोहल्ला नई बस्ती निवासी शोएब अहमद को फोन कर पंप पर बुला लिया। महीप ने बताया हैै कि काफी देर इंतजार के बाद भी पैसा नहीं मिला। राहुल शर्मा ने बिजुआ चलकर पैसा देने की बात कही। इसके बाद महीप ने अपनी कार पेट्रोल पंप पर खड़ी कर दी और तीनों लोग शोएब अहमद की गाड़ी में बैैठकर राहुल शर्मा की कार के पीछे-पीछे चल दिए। बकौल महीप बिजुआ रोड पर आदित्य पुरवार की क्रेशर के पास आगे चल रहे राहुल शर्मा ने अपनी कार रोक दी और बाहर निकलकर दिलीप को अपनी गाड़ी के पास बुला लिया। आरोप है कि दिलीप चंदेल जैसे ही गाड़ी के पास पहुंचे तो राहुल शर्मा ने उसके सिर पर राडनुमा वस्तु से जान से मारने की नियत से प्रहार कर दिया। इस प्रहार से दिलीप चंदेल गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। जबकि आरोपी राहुल शर्मा कार से फरार हो गया। वादी महीप चंदेल के मुुताबिक यह घटना बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे हुई, जिसके बाद घायल दिलीप चंदेल को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दिलीप चंदेल ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव लखीमपुर स्थित आवास पर लाकर अंतिम संस्कार किया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी राहुल शर्मा उर्फ विक्की निवासी द्वारिकापुरी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाल नेमचंद गंगवार ने बताया कि वादी की तहरीर के मुताबिक हत्या का
मुकदमा सदर कोतवाली में दर्ज किया गया है। घटना भीरा थाना क्षेत्र मे हुई
थी, इसलिए मामले की तफ्तीश और विवेचना भीरा पुलिस को हस्तांतरित की गई है।
एक्सिडेंटल बताने में लगे रहे करीबी, मीडिया को किया गुमराह
नेशनल शूटर दिलीप चंदेल की मौत के पीछे कई गहरे राज हैं। शनिवार को जब उनका शव आया तो घर से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक उनके कुछ करीबी ही मौत को एक्सीडेंटल करार देने में लगे रहे। मीडिया तक को गुमराह किया गया। हालांकि देर रात परिवारवालों को हत्या का संदेह गहराया तो मृतक के भाई ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया।