वारदात के बाद से कुछ भी बोलते हुए अंकित के पिता की आवाज लड़खड़ा रही है। उसकी मां कमलेश का रो-रो कर बुरा हाल है। कमलेश घर आने वाले हर व्यक्ति से अपने बाबू (अंकित) को लाने का गुहार लगा रही हैं।
अंकित की मां को मधुमेह है, जबकि यशपाल को दिल की बीमारी है। 14 साल पहले यशपाल की टीवी की दुकान थी। दिल की बीमारी होने के बाद वे घर में ही रहने लगे।
उसके बाद से परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी अंकित के कंधों पर ही थी। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने गुजारे का सवाल खड़ा हो गया है। अंकित का शव आने के बाद इलाके का पूरा माहौल गमगीन हो गया।
वारदात में शामिल लड़की के गिरफ्तार माता-पिता और मामा को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया। वहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लड़की के नाबालिग भाई को जुवेनाइल होम में भेजा गया है। जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि लड़की ने भी अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश करेगी।
23 साल के यूट्यूबर व फोटोग्राफर अंकित की हत्या के बाद से रघुवीर नगर में तनाव बरकरार है। इलाके में गड़बड़ी रोकने के लिए अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है।
वारदात के बाद से आरोपी पक्ष के लोगों में भी दहशत है। लड़की के अन्य परिजन डरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी दिल्ली छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
शनिवार सुबह से ही अंकित के परिजनों से मिलने के लिए उनके रिश्तेदारों और परिचितों के साथ स्थानीय नेता भी आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि दो-तीन दिन में यहां के हालात बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है।
पुलिस इलाके में अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रख रही है। अफवाह उड़ाई गई कि लड़की के चाचा को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया है। जांच में मारपीट की बात सामने आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अस्पताल से इसकी जानकारी मिली थी।
यह था मामला
अंकित रघुवीर नगर में रहता था। उसका एक अन्य समुदाय की लड़की से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे। लड़की के परिवार वाले इस बात से नाराज थे। उन्होंने बृहस्पतिवार रात अंकित की गला रेतकर हत्या कर दी थी।