क्राइम ब्रांच ने अंतर्राज्यीय डकैतों के गैंग के सरगना अमित जाट उर्फ अमित सेहल को साथी शैलेंद्र उर्फ शीलू के साथ गिरफ्तार किया है। अमित गर्लफ्रेंड से शादी कर रहा था, पुलिस उसे मंडप से उठाकर लाई।
दावा तो यहां तक है कि फेरों के दौरान उठाया। अमित पर यूपी से 15 हजार और दिल्ली की तीन कोर्ट से 9 हजार का इनाम घोषित था।
अगस्त 2011 में इसने दिल्ली के सोना व्यापारी अनूप पांडे से मुरादनगर में पांच किलो सोना और दो लाख रुपये लूटे थे। 2011 में ही साहिबाबाद के सोना व्यापारी से 80 लाख के जेवर लूटे थे।
अमित गैंग ने मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, दिल्ली और एनसीआर में ताबड़तोड़ वारदातें की हैं। गैंग में 20 से ज्यादा सदस्य हैं।चार-पांच के ग्रुप में रेकी के बाद वारदात करते हैं।
निशाने पर सर्राफा, ट्रांसपोर्ट, गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप व्यापारी रहते थे। वह चार साल से फरार था। एसपी सिटी अमर पाल ने बताया कि अमित जाट बहादुरगढ़ के सेहल का रहने वाला है।
राजनगर एक्सटेंशन में किराए पर फ्लैट लेकर रह रहा था। 2007 से अपराध की दुनिया में है। 20 से ज्यादा केस हैं, जिनमें से पांच में यह फरार चल रहा था।
डकैती की फिराक में था
अमित गाजियाबाद में डकैती डालने की फिराक में था। मुरादनगर में सदरपुर बम्बे की पुलिया से मंगलवार रात उसे दबोच लिया।
मुखबिर ने पकड़वाया
अमित शादी की तैयारियां कर रहा था। जब शादी होने लगी तो उसे मंडप से पकड़ा। हालांकि एसपी का कहना है कि शादी बुधवार को थी।
गैंग ने कीं ये वारदातें
2007: कविनगर में दुर्गा ज्वैलर्स के यहां लूट। कविनगर में कार लूटी।
2008: दिल्ली में पेट्रोल पंप पर दो लाख लूटे। साहिबाबाद में चेन लूटी।
2010: साहिबाबाद से ट्रक लूट ड्राइवर-क्लीनर की हत्या
2010: मुरादनगर में होटल व्यापारी से छह लाख 50 हजार लूटे।
2014: जहांगीराबाद में पशु व्यापारियों से तीन लाख लूटे।