आगरा के ताज ओरियंट होटल के मालिक कृष्ण कुमार शर्मा की हत्या की सुपारी किसी और ने नहीं, बल्कि उनके 67 वर्षीय छोटे भाई ने दी थी। दिल्ली की दक्षिण जिला एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉयड) पुलिस ने कृष्ण कुमार के छोटे भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान गुलमोहर एंक्लेव, सम्राट लाज (बुलंदशहर) निवासी चंद्रशेखर शर्मा (67), गांव शेकरी (बुलंदशहर) निवासी शंभू शर्मा (39) और गैंगस्टर गोहारा, आलमगीर पुर, बाबूगढ़ (हापुड़) निवासी रवि कुमार उर्फ रवि रूपवास (32) के रूप में हुई है।
अप्रैल में कृष्ण कुमार की हत्या से पहले दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया था, लेकिन उस समय यह पता नहीं चल पाया था कि आरोपी किसकी हत्या करने जा रहे थे। कृष्ण की हत्या के लिए दो करोड़ में बात हुई थी। एक करोड़ रुपये दे भी दिया गया था, लेकिन उससे पहले पुलिस ने वारदात से पर्दा उठा दिया।
दक्षिण-जिला पुलिस उपायुक्त ईश्वर सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को वसंत कुंज साउथ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हरेंद्र उर्फ हैवी गैंग के आठ बदमाशों को पकड़ा था। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे। बदमाशों की गिरफ्तारी से पुलिस को बस यह पता चला था कि बदमाश आगरा के किसी कारोबारी की दो करोड़ की सुपारी लेकर हत्या करने वाले थे।
मामले की छानबीन के लिए एसीपी पालविंदर सिंह, इंस्पेक्टर ऋचपाल सिंह व अन्य की टीम को पता चला कि बदमाश आगरा के होटल कारोबारी कृष्ण कुमार शर्मा की हत्या करने वाले थे। हत्या की सुपारी किसी और ने नहीं, बल्कि कृष्ण के छोटे भाई चंद्रशेखर ने दी थी। दोनों भाइयों का प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है। चंद्रशेखर ने अपने बड़े भाई को रास्ते से हटाने का इंतजाम किया।
इसके लिए चंद्रशेखर ने स्थानीय नेता व अपने करीबी दोस्त शंभू को भाई की हत्या का जिम्मा सौंपा। शंभू ने जानकार विजय नागर को शामिल किया। विजय ने रवि रूपवास नामक गैंगस्टर को दो करोड़ में सुपारी दे दी। रवि ने आगे सुपारी हरेंद्र उर्फ हैवी को दी। रवि व विजय ने हत्या के लिए रेकी भी करवाई।
कृष्ण नोएडा की एनआरआई सिटी में रहते हैं, लेकिन बदमाशों के वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने आठ बदमाशों को पकड़ लिया। इधर, मामले का खुलासा होने के करीब तीन माह बाद पुलिस ने 22 जुलाई को एक सूचना के बाद चंद्रशेखर व शंभू को बुलंदशहर से दबोच लिया गया। वहीं पुलिस को रवि एक मामले में डासना जेल में बंद मिला। औपचारिक रूप से सोमवार को उसकी भी जेल में गिरफ्तारी की गई।