आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि अमानतुल्ला दिल्ली के 9वें विधायक हैं जिन्हें किसी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर महिला के साथ बदसलूकी का आरोप है।
इस गिरफ्तारी के तुरंत बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि मोदी जी ने उनके एक और विधायक को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले अमानतुल्ला ने कहा था कि दिल्ली पुलिस शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाकर उनसे झूठे बयान दिलाकर आप विधायकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है।
दिल्ली पुलिस को यह निर्देश सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय से दिए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने प्रेस वार्ता में कहा कि आप विधायकों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है।
विधायक अमानतुल्ला खान ने कहा कि जिस महिला ने मेरे खिलाफ शिकायत दी थी, उस महिला पर दिल्ली पुलिस ने दबाव बनाकर झूठा बयान दिलवाया।
Just in - Modi ji arrests one more AAP MLA.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 24, 2016
'एसएचओ ने दबाव बनाकर आरोप लगाने को कहा'
दरअसल ,उस महिला का 10 जुलाई 2016 को मेरे पास फोन आया था, तब मैं मेरठ में था। उसने मुझे बिजली की समस्या के बारे में बताया था, जिस पर मैंने उन्हें उस समस्या का जल्द हल निकालने की बात कही थी।
उसके बाद वह एक शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गई, जिसमें मुझ पर धमकी भरे लहजे में बात करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक सीडी भी प्रेस वार्ता में जारी की।
दावा किया गया कि इस सीडी में साफ-साफ शब्दों में वो शिकायतकर्ता महिला किसी तीसरे व्यक्ति से कह रही है कि उस पर एसएचओ ने दबाव बनाकर विधायक पर झूठे आरोप लगाने के लिए कहा। ताकि विधायक पर मामला दर्ज हो सके। महिला ने यह स्वीकारा है कि एसएचओ के कहने पर ही वह ज्वाइंट कमिश्नर से भी मिली।