पंजाबी बाग इलाके में बृहस्पतिवार सुबह चावल कारोबारी के दो रिश्तेदारों से बदमाशों ने 80 लाख रुपये लूट लिए। वे सदर बाजार स्थित बैंक में नगदी जमा करवाने जा रहे थे।
पीड़ितों की शिकायत पर पंजाबी बाग थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वेदप्रकाश गुप्ता सपरिवार रानीबाग के ऋषि नगर में सपरिवार रहते हैं। उनका चावल का कारोबार है।
कोहाट एंक्लेव में उनका कार्यालय जबकि नया बाजार में गोदाम है। बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे उन्होंने अपने दो रिश्तेदारों शुभम और अमन को 80 लाख रुपये देकर सदर बाजार स्थित आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने के लिए भेजा।
दोनों रिश्तेदार स्कूटी से बैंक के लिए रवाना हुए। जैसे ही वे रानी बाग फ्लाईओवर पर पहुंचे। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोक ली। बदमाश उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। दोनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्टल निकाल कर गोली मारने की धमकी दी और उनसे बैग छीनकर फरार हो गए।
सीमा विवाद में फंसी पुलिस
सूत्रों के मुताबिक पीड़ितों के बयान देने के बाद सुभाष प्लेस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन उन्होंने अपनी इलाके में वारदात नहीं होने की बात कही। उन्होंने बताया कि जिस इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया है वह पंजाबी बाग थाने का इलाका है।
घंटों माथापच्ची के बाद घटना की जानकारी पंजाबी बाग थाना पुलिस को दी गई। उसके बाद पंजाबी बाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर पीड़ितों की शिकायत पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को आशंका है कि वारदात में परिचित शामिल हो सकते हैं। जिन्होंने रुपये के बारे में बदमाशों को जानकारी मुहैया करवायी है।