गुड़गांव में एंबियंस मॉल के पास मंगलवार रात को एक प्रॉपर्टी डीलर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने 65 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
डीएलएफ फेज-तीन निवासी तेज सिंह यादव प्रॉपर्टी डीलर है। मंगलवार रात को वह अपने किसी काम से दिल्ली से आ रहा था। पुलिस के अनुसार, एंबियंस मॉल के पास स्कूटी से आ रहे प्रॉपर्टी डीलर ने टॉयलेट करने के लिए स्कूटी रोकी।
पीड़ित का कहना है कि इस दौरान पल्सर बाइक पर तीन युवक आए। इसमें से दो ने उतरकर जबरन उसकी जेब में रखे 65 हजार रुपये निकाल लिए और डरा-धमका कर बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। एएसआई संजय के अनुसार, बदमाशों के हुलिये को लेकर प्रॉपर्टी डीलर से पूछताछ की जा रही है।