दिल्ली के लाजपत नगर में जर्मनी की छात्रा से लूटपाट व छेड़छाड़ का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि अब साकेत इलाके में सोमवार दोपहर फॉर्च्यूनर कार सवार युवकों ने तीन विदेशी युवतियों से बीच सड़क छेड़छाड़ व मारपीट की।
पीड़ित युवतियों में एक जर्मनी, दूसरी कोलंबिया और तीसरी साउथ अफ्रीका की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार तीनों युवतियां ट्यूर ग्रुप के साथ भारत घूमने आई थीं।
सेलेक्ट सिटी मॉल घूमकर सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे तीनों युवतियां ऑटो से अनुपम सिनेमा की ओर जा रही थीं। इस दौरान फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने प्रेस एन्क्लेव रोड पर ऑटो को रुकवा लिया।
भारत की सैर पर निकली थीं लड़कियां
आरोप है कि कार सवार युवकों ने युवतियों को ऑटो से बाहर खींच लिया और अश्लील हरकतें कीं। युवतियों ने मारपीट करने का आरोप भी युवकों पर लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शराब पी रखी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। युवतियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
साकेत थाना पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट व रास्ता रोकने आदि धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक कार गुरदीत के पिता की है। सभी आरोपी पेशे से व्यवसायी व प्रॉपर्टी डीलर हैं और मालवीय नगर व आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट व रास्ता रोकने की धाराओं में मामला दर्ज कर मंगलवार दोपहर आठ आरोपियों-कृष्णजीत, सुरजीत, गुरदीत, प्रिंस, जसपाल, विजय सिंह, सन्नी और दीपू को गिरफ्तार कर लिया।