फरीदाबाद के सेक्टर-10 में चोरों ने सोमवार देर रात एक बंद घर को अपना निशाना बनाया।
पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली गया था। देर रात घर के मालिक के वापस आ जाने पर चोर पहली मंजिल से कूद कर भाग गए। चोर 25 हजार रुपये नगदी व करीब आठ लाख रुपये कीमत के जेवरात ले गए।
घटना सेक्टर-10 के आई-65 में हुई। यहां संजय भाटिया अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे वह पूरे परिवार के साथ शादी में शामिल होने दिल्ली के रोहिणी गए थे। सभी लोग रात करीब 2:00 बजे लौटे।
परिवार के अन्य सदस्य सेक्टर-22 निवासी एक रिश्तेदार के घर चले गए जबकि संजय भाटिया अकेले अपने घर आ गए। संजय के मुताबिक जब वह घर आए तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था।
यह भी पढ़ें: बेटी की शादी को लेकर परेशान मां ने किया सुसाइड
अंदर आकर उन्होंने घर के दूसरे गेट का ताला खोला तो छत से उन्हें कुछ आवाज आई। संजय ने बाहर आकर तुरंत शोर मचा दिया, जिससे पड़ोसी वहां आ गए।
लोगों के इकट्ठा होने पर चोर पहली मंजिल से घर के पीछे खाली प्लॉट की ओर कूद कर फरार हो गए। घर की जांच करने पर पता लगा कि चोरों ने पूरा घर खंगाल दिया था, घर के चार कमरों में सभी अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने सामान भरने के लिए अलमारी में बंद दो सूटकेस भी निकाल रखे थे, लेकिन भाटिया के आ जाने पर सूटकेस, लैपटॉप व अन्य सामान छोड़ कर फरार हो गए।
चोरों ने घर में दाखिल होने के बाद ड्राईंग रूम के बगल वाले कमरे के दरवाजे के लॉक तोड़े। सूचना पर पहुंची सेक्टर-11 चौकी पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।