गीता कॉलोनी इलाके में शनिवार देर रात निकाह के दौरान मेहर की रकम को लेकर हुआ विवाद थाने पहुंच गया। वर-वधू पक्ष के आरोपों के बाद आखिर बारात वापस लौट गई। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें डराने के लिए दूल्हे के दोस्तों ने हवाई फायरिंग की। वहीं, दहेज में महंगी बाइक मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अवैध हथियार से गोली चलाने के आरोप में दूल्हे के दो दोस्त माजिद (28) और योगेश (23) को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि, पुलिस डराने के लिए गोली चलाने के आरोप से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जश्न के दौरान विवाद से पूर्व ही दूल्हे के दोस्तों ने गोली चलाई थी। गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने दूल्हे के दोस्तों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।
Delhi:2 arrested for firing in wedding function following dispute over money given to bride's family by bridegroom's family in Geeta Colony.
— ANI (@ANI_news) July 9, 2017
पुलिस के मुताबिक, गीता कॉलोनी के कारोबारी की बेटी सलमा (23, बदला हुआ नाम) की शादी इलाके के सिटी प्लेस बारात घर में थी। नजफगढ़ निवासी इंटीरियर डिजाइनर सलमान बारात लेकर गीता कॉलोनी पहुंचा। बारात आने पर दूल्हे के दोस्तों ने हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शादी की रस्मों के दौरान जब निकाह होने लगा तो मेहर की बात हुई।
दुल्हन के पिता ने मेहर की रकम 50 हजार रुपये बताई। दूल्हा पक्ष सहमत भी हो गया, लेकिन जब निकाहनामा तैयार किया जाने लगा तो दूल्हा पक्ष पांच हजार ही मेहर रखवाने की बात करने लगा। विवाद बढ़ गया। किसी ने पीसीआर कॉल कर दी। पुलिस को सूचना दी गई कि दूल्हे के दोस्त धमकाने के लिए शराब के नशे में गोलियां चला रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली चलाने वाले दोनों युवकों को दबोच लिया। उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बारात आने पर जश्न में गोलियां चलाईं। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।