दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद से बुधवार को करीब छह घंटे पूछताछ की। उस पर शाहीनबाग में बैठक कर दिल्ली दंगों की साजिश रचने का आरोप है। बैठक में आप से निलंबित पूर्व निगम पार्षद ताहिर हुसैन भी शामिल हुए थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उमर खालिद ने पूछताछ में सहयोग नहीं किया। अपराध शाखा ने उमर खालिद से पहली बार पूछताछ की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर उमर खालिद को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, उमर खालिद ने शाहीनबाग में हुई बैठक में शामिल होने की बात से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसने दिल्ली दंगों की साजिश नहीं रची। उमर खालिद ने ये भी कहा कि वह कभी ताहिर हुसैन से नहीं मिला।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे उमर खालिद अपराध शाखा के कार्यालय पहुंचा था और उससे शाम करीब पांच बजे तक पूछताछ हुई। उसके साथ परिजन भी आए थे। उससे बैठक में शामिल होने, दंगों की साजिश रचने, साजिश रचने की वजह, बैठक में कौन-कौन लोग शामिल थे और दंगों के दौरान उसकी भूमिका क्या थी आदि सवाल पूछे गए।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली दंगों को लेकर खजूरी खास थाने में एफआईआर हुई थी। एफआईआर अपराध शाखा में एसीपी पंकज सिंह की टीम को ट्रांसफर हो गई थी। अपराध शाखा ने आप के निलंबित पूर्व निगम पार्षद ताहिर हुसैन व उसके साथियों को गिरफ्तार किया था।
ताहिर हुसैन ने पूछताछ में खुलासा किया था कि दिल्ली दंगों की साजिश रचने के लिए शाहीनबाग में आठ जनवरी को बैठक हुई थी। ये बैठक खालिद सैफी ने बुलाई थी। बैठक में उसके व उमर खालिद के अलावा कई लोग शामिल हुए थे।
इस मामले में अपराध शाखा ने उमर खालिद को नोटिस देकर अपराध शाखा के सनलाइट कॉलोनी स्थित कार्यालय में बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया था।