फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Metro Guidelines: कंटेनमेंट जोन के स्टेशनों और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर नहीं रुकेगी मेट्रो, पढ़ें हर नियम

Thu, 03 Sep 2020 10:27 AM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

- 7 सितंबर से तीन चरणों में चलेगी दिल्ली मेट्रो, 12 से सामान्य संचालन
-  देश की सभी मेट्रो की एसओपी जारी, कंटेनमेंट जोन के स्टेशन रहेंगे बंद
विज्ञापन
दिल्ली मेट्रो गाइडलाइन्स - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देशभर में श्रेणीबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाओं का संचालन 7 सितंबर से शुरू हो जाएगा। जिन स्टेशनों पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया जाएगा वहां पर मेट्रो नहीं रोकी जाएगी। दिल्ली मेट्रो 7 सितंबर से तीन चरणों में चलेगी।

विज्ञापन


शुरुआत में ट्रेनों का संचालन सुबह और शाम को व्यस्ततम समय पर चार-चार घंटे की दो पालियों में किया जाएगा। बाद में पालियों का वक्त बढ़ाया जाएगा। राजधानी दिल्ली समेत देशभर में मेट्रो का सामान्य संचालन 12 सितंबर से होगा।



केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करते हुए कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। एसओपी के तहत कंटेनमेंट जोन वाले इलाकों में मेट्रो स्टेशन नहीं खोले जाएंगे।
विज्ञापन


यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क समेत अन्य सभी रोकथाम नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। यात्रा के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य होगा। मंत्रालय सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने बताया कि शुरुआत में सभी लाइनें एक साथ नहीं खुलेंगी। तीन दिनों की मेट्रो सेवा का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर आगे सेवा सामान्य रूप से बहाल की जाएगी। आगे पढ़ें हर एक नियम जिससे आपको न हो परेशानी...

तीन चरणों में सेवा शुरू होगी, बिना मास्क नहीं मिलेगा प्रवेश

पहला चरण: 7 सितंबर को येलो लाइन पर समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर और रेपिड मेट्रो को सुबह 7-11 और शाम 4 से 8 बजे तक चलाया जाएगा। फिर 9 सितंबर को ब्लू लाइन पर द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी/वैशाली और पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच सुबह 7-11 और शाम 4-8 बजे तक मेट्रो चलेगी। वहीं 10 सितंबर को रेड लाइन प रिठाला से शहीद स्थल नया बस अड्डा, ग्रीन लाइन पर कीर्ति नगर/इंदरलोक से ब्रिगेडियर होशियार सिंह बहादुरगढ़ और वायलट लाइन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) के बीच उसी समय के अनुसार मेट्रो चलेगी।
 
दूसरा चरण: इसमें 11 सितंबर को मेजेंटा लाइन पर जनकपुरी पश्चिम से बोटेनिकल गार्डन और ग्रे लाइन पर द्वारका से नजफगढ़ के बीच सुबह 7 से दोपहर 1 बजे और शाम 4 से रात 10 बजे तक मेट्रो चलेगी। 11 सितंबर से पहले चरण की ट्रेनें भी इसी समय के अनुसार चलेंगी। 

तीसरा चरण: 12 सितंबर से शुरू होने वाले इस चरण में पहले दो चरणों की सेवाओं के साथ साथ एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को भी शुरू किया जाएगा। साथ ही इस चरण से सभी मेट्रो सेवाएं नियमित रूप से सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेंगी।

बिना मास्क नहीं मिलेगा प्रवेश
यात्रियों के साथ मेट्रो स्टाफ को भी बिना मास्क के मेट्रो स्टेशन में जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। अगर कोई व्यक्ति बगैर मास्क के पहुंचता है तो उसे स्टेशन पर मास्क खरीदना होगा। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और कोरोना के लक्षण मिलने पर नजदीकी कोविड केयर सेंटर जाने की सलाह दी जाएगी।

एसओपी के महत्वपूर्ण पहलू

- सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन व ट्रेन के अंदर बनाए जाएंगे निशान
- स्टेशन के प्रवेश द्वार पर होगा सैनिटाइजर, आरोग्य सेतु एप को दिया जाएगा बढ़ावा
- मेट्रो स्टेशनों को नियमित तौर पर किया जाएगा सैनिटाइज
- स्मार्ट कार्ड को बढ़ावा दिया जाएगा, टोकन नहीं मिलेेंगे
- हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल होगा लागू
- भीड़ प्रबंधन के लिए मेट्रो कारपोरेशन राज्य पुलिस व स्थानीय प्रशासन से लेंगे मदद

महाराष्ट्र की मेट्रो को छोड़ दूसरी सभी मेट्रो चलेंगी
मुंबई लाइन-1 व महाराष्ट्र मेट्रो को छोड़ बाकी सभी मेट्रो 7 सितंबर से चालू हो जाएंगी। इसमें दिल्ली, नोएडा, कोच्चि, बंगलूरू, जयपुर, हैदराबाद, गुजरात और लखनऊ मेट्रो भी शामिल है।

नोएडा मेट्रो भी 7 से शुरू
नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच भी मेट्रो सेवा 7 सितंबर से शुरू हो जाएगा। सोमवार से शनिवार के बीच ट्रेन को सुबह 7 से 11 और शाम 5 से 9 बजे के बीच चलाया जाएगा। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन और मास्क अनिवार्य होगा। हर 15 मिनट में ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा हर रविवार को सुबह 8 बजे से ट्रेन चलेगी।

वॉयलट लाइन पर 10 सितंबर से दौड़ेगी मेट्रो 

केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे देश में मेट्रो के परिचालन को अनुमति दे दी है। ऐसे में वॉयलट लाइन (फरीदाबाद से दिल्ली) पर 10 सितंबर से मेट्रो का परिचालन शुरू होगा। मेट्रो स्टेशनों पर सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम को 4 से 8 बजे तक ही मेट्रो उपलब्ध होगी। स्टेशन पर प्रवेश के लिए केवल एक ही गेट खोला जाएगा और एक ही गेट से बाहर निकल सकेंगे।

कोरोना महामारी के चलते 22 मार्च से बंद मेट्रो फिर से शुरू हो रही है। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने दिशा निर्देश भी जारी किए हैं। मेट्रो में सफर के लिए स्मार्ट कार्ड या फिर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए टोकन लिया जा सकेगा। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन कराने के लिए भी कई नियम तैयार किए जा रहे हैं।

शहर में पड़ते हैं 11 मेट्रो स्टेशन
शहर में दिल्ली के बदरपुर मेट्रो स्टेशन के बाद से फरीदाबाद जिले की सीमा से मेट्रो स्टेशन शुरू हो जाते हैं। इसमें दिल्ली से आते हुए सबसे पहले सराय मेट्रो स्टेशन आता है। उसके बाद एनएचपीसी, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-28, बड़खल मोड़, ओल्ड फरीदाबाद, नीलम चौक अजरौंदा, बाटा चौक, एस्कॉर्ट्स मुजेसर, संत सूरदास (सीही) और राजा नाहर सिंह बल्लभगढ़ अंतिम मेट्रो स्टेशन है। रोजाना इन स्टेशनों से करीब 70 हजार से अधिक लोग दिल्ली-एनसीआर के लिए सफर करते हैं।

मेट्रो के सुरक्षित परिचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वॉयलेट लाइन पर 10 सितंबर से परिचालन होगा। सभी स्टेशनों पर मेट्रो का ठहराव होगा और 22 मार्च से पहले की तरह ही फ्रीक्वेंसी रहेगी। जरूरत पड़ने पर फ्रीक्वेंसी घटाई व बढ़ाई जा सकेंगी। स्टेशनों पर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। - हिमांशु शर्मा, प्रवक्ता, डीएमआरसी

विज्ञापन

एक्वा लाइन पर सुबह और शाम चार-चार घंटे चलेगी मेट्रो

एक्वा लाइन पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो सुबह और शाम चार-चार घंटे चलेगी। वहीं, 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलेगी। कोरोना काल में करीब पांच महीने बाद 7 सितंबर से मेट्रो का संचालन शुरू होगा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) ने इसकी घोषणा की।

एनएमआरसी की एमडी रितु माहेश्वरी ने बताया कि नए नियमों के तहत सुबह 7 से 11 बजे और शाम 5 से रात 9 बजे तक मेट्रो चलेगी। सोमवार से शनिवार तक की यह व्यवस्था होगी। रविवार को मेट्रो सेवा का संचालन सुबह 8 से 11 बजे और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक होगा।

मेट्रो कोच के अंदर का तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी स्टेशनों पर मेट्रो रुकेगी, लेकिन भविष्य में कंटेनमेंट जोन में आने वाले स्टेशनों पर सेवा बंद कर दी जाएगी। सभी कोच को रात में सैनिटाइज किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर यात्रियों के संपर्क में आने वाले जोन को नियमित सैनिटाइज किया जाएगा।

बिना मास्क के नहीं मिलेगी प्रवेश की अनुमति
मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को बिना मास्क प्रवेश नहीं मिल पाएगा। सभी को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। नियमानुसार यात्रियों के शरीर का तापमान 37.7 डिग्री सेंटीग्रेड अधिकतम होना चाहिए। इससे ज्यादा होने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। यात्रियों के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप भी होना चाहिए, जो कि ग्रीन स्टेटस दिखाए।

यात्रियों को एक मीटर की दूरी बनानी होगी
यात्रियों को स्टेशन परिसर में एक मीटर की दूरी एक-दूसरे से बनाकर रखनी होगी। वहीं, सीढ़ियों पर भी एक स्टेप छोड़कर खड़ा होना होगा। सभी लिफ्ट बंद रहेंगी। दिव्यांग और बुजुर्गों को विशेष अनुरोध पर यह सेवा मुहैया कराई जाएगी। इसके अलावा डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता मिलेगी। यात्रियों को स्टेशन परिसर या कोच में किसी भी सतह को छूने से बचने की सलाह दी जाएगी।

कोच में भी तय होगी बैठने और खड़े होने की जगह
मेट्रो कोच में बैठने और खड़े होने की जगह तय होगी। यात्रियों को इसका पालन करना होगा। कंट्रोल रूम से यात्रियों की भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी। भीड़ बढ़ने पर स्टेशन में यात्रियोें का प्रवेश रोक दिया जाएगा।

- एक गेट से प्रवेश और निकासी वाले स्टेशन : सेक्टर-101, 81, एनएसईजेड, सेक्टर-83, 137, 142, 143, 144, 145, 146, 147, 148, अल्फा-1, डेल्टा-1 और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय।
- यहां खुले रहेंगे दोनों गेट : सेक्टर-51, 50, 76, केपी-2, परी चौक और डिपो स्टेशन। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें