इंद्रपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के एक होंडा सिटी कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई। सेंटर लॉक होने की वजह से कार चला रहा युवक अंदर ही फंस गया और उसकी जलने से मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाकर युवक को बाहर निकला। मृतक की पहचान सारंग वत्स (23) के रूप में हुई है। उनके पिता होटल कारोबारी मनोज वत्स हैं। इंद्रपुरी थाना पुलिस दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
मनोज वत्स सपरिवार्र ई ब्लॉक नारायणा विहार में रहते हैं। उनका पश्चिम विहार में वाटर फॉल नाम का रेस्तरां है। सारंग वत्स शुक्रवार तड़के होंडा सिटी कार से आर्य समाज मंदिर जा रहा था। टोडापुर पावर हाउस के पास कार का नियंत्रण गड़बड़ा।
कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटी खाते हुए फुटपाथ स्थित एक पेड़ से टकराकर रुक गई। कार के रुकते ही उसमें आग लग गई। पैर फंस जाने व सेंटर लॉक होने से सारंग कार से बाहर नहीं निकल पाया। इसी बीच किसी राहगीर ने घटना की जानकारी दमकल विभाग व पुलिस को दी।