अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी मनोज कुमार शर्मा अलीगढ़ कोर्ट में बाबू के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि बीते दिनों उनकी चाची की मौत हो गई थी। बुधवार को उनकी तेरहवीं हुई थी। इसी के चलते गुरुवार तड़के मनोज कुमार शर्मा अपने एक अन्य सुशील निवासी हाथरस के साथ गंगा स्नान के लिए अनूपशहर जा रहे थे।
सुशील भी अलीगढ़ कोर्ट में बाबू के पद पर तैनात हैं। कार को सुशील ड्राइव कर रहे थे। जबकि मनोज कंडक्टर साइड में बैठे हुए थे। जब वह दोनों रुपवास चौकी के निकट जहारवीर मंदिर के निकट पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में मनोज की मौत हो गई और सुशील गंभीर रुप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से सुशील को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। जबकि, मनोज को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजन भी पहुंच गए, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि, मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। सीओ अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।