त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दादरी, जेवर और दनकौर में मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी जो सभी नतीजे आने तक जारी रहेगी। मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
कॉलेजों में बैरिकेड लगा दिए गए हैं। मतगणना केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। मतगणना केंद्रों पर एजेंट के अलावा किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। गौतमबुद्ध नगर जिले के पंचायत चुनाव के लिए दादरी के मिहिर भोज इंटर कॉलेज, जेवर के जनता इंटर कॉलेज और दनकौर के किसान आदर्श इंटर कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर 10-10 टेबल पर मतगणना की जाएगी।
मिहिर भोज इंटर कॉलेज में दादरी और बिसरख की मतगणना होगी। जेवर व दनकौर की मतगणना वहीं पर होगी। हर टेबल पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य और दूसरी टेबल पर क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य की गिनती होगी। प्रत्येक टेबिल पर दस कर्मचारी होंगे।
मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक कराने के लिए हर मतगणना केंद्र पर पांच एसओ, एक बटालियन पीएसी, 40 सब-इंस्पेक्टर और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात होगा। मतगणना के चलते पानी की बोतल, बीडी, सिगरेट समेत सामान अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। जिन प्रत्याशियों की गिनती शुरू होगी। उनको ही अंदर बुलाया जाएगा। गिनती पूरी होने पर ही बाहर आने दिया जाएगा। उनके अलावा किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
मतगणना की होगी वीडियोग्राफी
मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबल पर वीडियोग्राफी होगी। वीडियोग्राफी के माध्यम से हर पल पर नजर रखी जाएगी। गिनती के दौरान बिजली व्यवस्था के लिए हर जेनरेटरों के भी इंतजाम किए गए हैं। ताकि गणना में किसी तरह गड़बड़ी न हो पाए।