पूर्वी दिल्ली नगर निगम में कार्यरत प्राइमरी महिला शिक्षक की भजनपुरा में कोरोना से मौत हो गई है। पूर्वी निगम के प्रवक्ता ने बताया कि महिला शिक्षक पहले से ही लीवर की बीमारी से पीड़ित थी। तबीयत खराब होने के बाद पहले उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ी तो उन्हें लोकनायक अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला और 11 मई को शिक्षिका की मौत हो गई। हालांकि, वह कैसे संक्रमित हुई, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
दिल्ली सरकार ने कोरोना मरीजों के शवों को लेकर जारी की नई एसओपी
दिल्ली सरकार ने कोरोना मरीजों के शवों को लेकर संशोधित आदेश जारी किया है। अब स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी 'कोविड -19 डेड बॉडी मैनेजमेंट' दिशा-निर्देश के अनुसार नए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन किया जाएगा।
दिल्ली मेट्रो सेवाएं 31 मई तक बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने रविवार को जानकारी दी कि सरकार द्वारा लॉकडाउन बढ़ाने की वजह से मेट्रो सेवाएं 31 मई तक बंद रहेंगी। इसी के साथ मेट्रो की हेल्पलाइन नंबर 155370 भी बंद रहेगा।
बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल कार पॉर्किंग के पास बस का इंतार करते लोग
नोएडा के बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल कार पार्किंग से दादरी से चलने वाली ट्रेन के लिए बस के इंतजार में खड़े लोग।
केजरीवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रवासियों को किसी समस्या का सामना न करना पडे़
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है कि प्रवासियों को किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। जरूरत के अनुसार उनके लिए ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी।
बीएसएफ के 10 जवान कोरोना संक्रमित
पिछले 24 घंटों में बीएसएफ के 10 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी का इलाज संबंधित कोरोना अस्पतालों में चल रहा है। कल से 13 बीएसएफ कर्मियों को डिस्चार्ज किया गया है। ये सभी जवान दिल्ली में तैनात थे।
दिल्ली से यूपी पहुंचे प्रवासियों को बॉर्डर पर रोक गया
दिल्ली से यूपी में पहुचे प्रवासी मजदूरों को दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस ने रोका। सभी को बैंक्वेट हॉल और मॉल खुलवाकर वंहा पर रुकवाया गया।
दिल्ली में फंसे मजदूरों को घर वापस भेजने के लिए शुरू हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
दिल्ली में फंसे प्रवासी मजदूरों और लोगों को दिल्ली सरकार द्वारा उनके घर वापस पहुंचाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। https://epass.jantasamvad.org/train/passenger/ लिंक पर क्लिक कर दिल्ली में फंसे प्रवासी मजदूर और लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा कर ट्रेन के जरिए अपने राज्यों में जा सकेंगे।
होम आईसोलेशन में हैं 2142 संक्रमित मरीज
ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में फिलहाल 2142 कोरोना संक्रमित मरीज होम आईसोलेशन में हैं। अब तक कुल 135791 क्यूमुलेटिव टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं राजधानी में अब कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 76 हो गई है।
दिल्ली में कुल 9755 संक्रमित
रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 9755 हो गई है, जिनमें से 5405 सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4202 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
सीमा पर रोके जाने से छलका मजदूरों का दर्द
लॉकडाउन के कारण दिल्ली से अपने घरों को जाने के लिए नकले प्रवासी श्रमिकों के एक समूह ने बताया कि वो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में अपने घर जाना चाहते हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें दिल्ली-यूपी सीमा पर ही रोक दिया है। श्रमिकों में से एक सुनीता ने बताया कि उन्होंने बीते तीन दिनों से कुछ नहीं खाया है।
हिरासत में लिए गए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी को दिल्ली में उनके घर में ही हिरासत में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि वह आज और शनिवार को दिल्ली-यूपी सीमा पर कई प्रवासी मजदूरों को लेकर आए थे। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का भी पालन नहीं किया गया था। ऐसे में आगे भी कई तरह की समस्या सामने आ सकती है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात है स्वास्थ्य विभाग की टीम
अन्य राज्यों से विशेष ट्रेनों के माध्यम से दिल्ली आने वालों की जांच के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात हैं। बाहर से आने वाले सभी लोगों के शरीर के तापमान को चेक करने के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है।
दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर इकट्ठा हुई मजदूरों की भीड़
कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के दौरान भारी संख्या में मजदूर दिल्ली से अपने गृह राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। सुविधा न मिलने पर वे पैदल ही घरों को निकल जा रहे हैं। इसी बीच आज दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भारी संख्या में मजदूरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। शनिवार को औरैया में हुए हादसे के बाद यूपी सरकार के आदेशानुसार प्रशासन उन्हें इस तरह राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे रहा है। उन्हें बसों या ट्रेन से आने को कहा गया है।