गुरुग्राम में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
गुरुग्राम में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने से स्थिति में भले ही सुधार हो रहा हो लेकिन मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को दो और मरीजों की मौत हो गई और जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 114 हो गई। इसमें से 77 मरीज पहले से किसी अन्य बीमारियों से पीड़ित थे, जबकि 37 मरीजों के मौत की एकमात्र वजह कोरोना संक्रमण ही रहा।
शनिवार को 111 नए मरीज आए तो 150 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 7594 हो गई है, जिसमें से 6468 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 1012 मरीज उपचाराधीन हैं। इनमें से 833 मरीज होम आइसोलेट हैं जबकि 179 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
खास बात यह है कि अब जिले में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात बढ़कर करीब 86 फीसदी पर पहुंच चुका है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में इसके और भी बढ़ने की संभावना है। हालांकि, कुल कोरोना मरीजों व मृतकों के मामले में गुरुग्राम अब भी प्रदेश में पहले पायदान पर है।
सोहना में लगे जांच शिविर में मिले 10 कोरोना पॉजिटिव
जिला स्वास्थ्य विभाग सोहना में प्रतिदिन अलग-अलग जगहों पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को दो जगहों पर शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 221 लोगों की जांच की गई। इसमें से 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वार्ड क्रमांक-5 स्थित दमकल केंद्र के सामने लगे जांच शिविर में 83 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 7 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
वहीं, वार्ड क्रमांक-17 में लगाए गए शिविर में 138 लोगों की जांच की गई, जिसमें 3 मरीज कोरोना संक्रमित मिले। वहीं, पूरे जिले में शनिवार को 2562 लोगों की जांच के लिए नमूने लिए गए। इसमें 2214 नमूनों की जांच एंटीजन किट व शासकीय लैब व 348 नमूनों की जांच निजी लैब में की गई। इसमें से 1348 लोगों को अपनी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।