दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कोरोना वायरस के 425 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि किसी की मौत नहीं हुई है। राजधानी में कुल संक्रमितों की कुल संख्या 8895 हो गई है। दिल्ली में अभी 5254 एक्टिव केस हैं, जबकि 3518 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
सैनिक के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सेना भवन का एक हिस्सा सील
दिल्ली पुलिस, सीआईएसएफ व बीएसएफ जवानों के बाद अब कोरोना का कहर सेना के मुख्यालय तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी के मध्य में स्थित सेना मुख्यालय के एक हिस्से को शुक्रवार को एक सैनिक के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सील कर दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि, 'एक सैनिक कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाया गया। सेना भवन के प्रभावित हिस्से को साफ-सफाई एवं संक्रमणमुक्त किए जाने के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा, उसके संपर्क में आए लोगों का पता लगाने और क्वारंटीन किए जाने जैसे प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। सेना भवन भारतीय सेना का मुख्यालय है।