जांच के लिए सैंपल लेते स्वास्थकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने पांच दिन में 20 हजार सैंपल लेने की योजना बनाई थी जिस पर बुधवार से ही काम शुरू होना था। हालांकि दिल्ली सरकार के हेल्थ बुलेटिन के ही अनुसार पहले दिन 323 सैंपल लिए गए। ऐसे में अब शेष चार दिन में 19 हजार से ज्यादा सैंपल लेना स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती दिख रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ही सूत्रों की मानें तो जिला स्तर पर टीमों को और र्भी ज्यादा काम करना होगा।
लॉकडाउन 2.0 की घोषणा के साथ ही 20 अप्रैल तक हर राज्य को कंटेनमेंट योजना को पूरी तरह से लागू करते हुए कोरोना वायरस की जांच में तेजी लाने के आदेश मिले हैं। इसी के चलते बीते मंगलवार दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासनों को आदेश जारी करते हुए पांच दिनों में 20 हजार सैंपल एकत्रित करने के लिए कहा है ताकि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को तीव्रता दी जा सके। विभाग के ही अनुसार 20 हजार सैंपल का लक्ष्य पूरा करने के लिए हर दिन कम से कम तीन से चार हजार सैंपल लेना ही होगा।
हालांकि बुधवार शाम को जब हेल्थ बुलेटिन आया तो उसके अनुसार अब तक दिल्ली में 16,605 सैंपल लिए जा चुके हैं। जबकि मंगलवार के हेल्थ बुलेटिन में यह आंकड़ा 16,282 था। स्वास्थ्य विभाग के ही एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि 20 हजार सैंपल के लिए पांच दिन रखे गए हैं। इसमें से किसी दिन कम हो जाएं तो अगले दिन सैंपल को बढ़ा भी सकते हैं। हालांकि वह यह भी मानते हैं कि पहले दिन सैंपलिंग कम हुई है।