फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Delhi NCR: 110 नए मामले आए सामने, दो की मौत, कंटेंटमेंट जोन की संख्या बढ़कर 79 हुई

Mon, 20 Apr 2020 03:15 AM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

वैश्विक महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस का असर राजधानी दिल्ली व आसपास के इलाकों में भी पड़ रहा है। कई इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील किए जाने के बाद भी अब तक लोगों को इससे राहत नहीं मिल पाई है। दिल्ली में रविवार को 110 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 2003 हो गई है। यहां पढ़ें दिल्ली एनसीआर में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स-
विज्ञापन
कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:39 PM, 19-Apr-2020

दिल्ली में 110 नए मामले, दो की मौत

दिल्ली में रविवार को कोरोनावायरस के 110 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2003 हो गई है। मरने वालों की अब 45 हो गई है।

10:28 PM, 19-Apr-2020

दिल्ली में कंटेंटमेंट जोन की संख्या बढ़कर 79 हुई

दिल्ली में कोरोनोवायरस कुल कंटेंटमेंट जोन की संख्या बढ़कर 79 हो गई है,  अब  तिलक नगर का तिलक विहार क्षेत्र भी कंटेंटमेंट जोन की सूची में शामिल किया गया है।

09:27 PM, 19-Apr-2020

नोएडा में उद्योगों को अभी नहीं मिलेगी रियायत, सख्ती से होगा लॉकडाउन का पालन




नोएडा में अभी उद्योगों के संचालन में कोई रियायत नहीं दी जाएगी। नोएडा में लॉकडाउन का सख्ती के साथ पालन किया जाएगा। नोएडा प्रधिकरण की सीईओ ने ट्वीटर पर एक यूजर द्वारा पूछे जाने पर यह जानकारी दी।

विज्ञापन
08:46 PM, 19-Apr-2020

दिल्ली में दो कंटेंटमेंट जोन और बढ़े, कुल संख्या 78 हुई

दो नए क्षेत्रों के बाद, दिल्ली में कंटेंटमेंट जोन की कुल संख्या बढ़कर 78 हो गई है। दो नए मामले आज की जो आज की सूची में शामिल हुए है :
  • प्लॉट नंबर 1294, थेके गली गली, डीसी ऑफिस कापसहेड़ा के सामने 
  • ईए ब्लॉक, इंद्रपुरी 

08:42 PM, 19-Apr-2020

गाजियाबाद में एक ही दिन में 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।  संक्रमित होने वालों में 11 जमाती और इंदिरापुरम निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित होने का पहला मामला।

विज्ञापन
07:51 PM, 19-Apr-2020

गौतमबुद्धनगर में अब तक कुल 97 मामले

गौतमबुद्धनगर में वर्तमान में कोविड-19 से 97 व्यक्ति पॉजिटिव हैं, इनमें से 38 स्वस्थ होकर अपने घर वापस जा चुके हैं, जनपद में 30 स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित कर पूर्णत: सील किया गया है।

07:11 PM, 19-Apr-2020

नोएडा सेक्टर 8 स्थित 12 साल की बच्ची कोरोना संक्रमित पाई गई है। इस तरह अब नोएडा में मरीजों की संख्या 95 हो चुकी है जबकि 38 इलाज कराकर जा चुके हैं। 

06:49 PM, 19-Apr-2020

तुगलकाबाद में 35 लोग कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के तुगलकाबाद में 35 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। वेस्ट दिल्ली के तिलक विहार में भी अब तक 16 नए संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है।

06:26 PM, 19-Apr-2020

चिकित्सा अधीक्षक ने आरोपों को नकारा

डॉ. जेसी पासी, चिकित्सा अधीक्षक, लोक नायक अस्पताल, दिल्ली ने कहा कि मैं अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ द्वारा लगाए गए आरोपों से पूरी तरह असहमत हूं। यह पूरी तरह से गलत है। उनके आवास की सुविधा एक अच्छे स्तर की है। कुछ नर्सों के लिए, हमने करोल बाग के होटलों में भी व्यवस्था की है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों के बीच कोई भेदभाव नहीं है। सभी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है। हम फाइव स्टार सुविधा से अपने स्वास्थ्य कर्मचारियों को भोजन प्रदान कर रहे हैं। जहां तक पीपीई किट और मास्क की बात है, इसकी कोई कमी नहीं है।

06:21 PM, 19-Apr-2020

एलएनजेपी अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी ने आवास केंद्र में स्वच्छता को लेकर उठाए सवाल

नर्सिंग अधिकारी, एलएनजेपी अस्पताल ने कहा कि कोरोना अस्पताल घोषित किए जाने के बाद भी हमें 3-4 दिनों के बाद आवास प्रदान किया गया। आवास केंद्र (गुजरात सदन) में कोई स्वच्छता उपायों का पालन नहीं किया जा रहा  है। कचरा रोजाना नहीं उठाा जाता।

04:20 PM, 19-Apr-2020

एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने डॉ. हर्षवर्धन से की शिकायत

एम्स (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा, जिसमें फैकल्टी द्वारा एक रेजिडेंट डॉक्टर के जाति और लिंग आधारित उत्पीड़न पर प्रशासन की निष्क्रियता की शिकायत की गई है।

03:55 PM, 19-Apr-2020

बिना मॉस्क नहीं मिलेगा पेट्रोल

दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के प्रबंधक श्रीपाल सिंह ने बताया कि हम बिना मॉस्क के किसी भी ग्राहक को पेट्रोल नहीं दे रहे हैं। ये कोरोना वायरस के खत्म होने तक जारी रहेगा।  

02:53 PM, 19-Apr-2020

कोरोना को हराने वाले एएसआई बोले- धैर्य रखें

कोरोना वायरस से जंग जीत चुके दिल्ली यातायात पुलिस के एएसआई जीत सिंह ने लोगों को संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मेरी सभी से अपील है कि धैर्य रखें और साहसी बने रहें। बस लड़ाई लड़नी है साहस के साथ।

02:35 PM, 19-Apr-2020

नोएडा सेक्टर 82 की सोसायटी हॉटस्पॉट घोषित

नोएडा के सेक्टर 82 स्थित केंद्रीय विहार-2 को जिला प्रशासन ने हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। पूरी सोसायटी को सील कर दिया गया है। तीन मई तक किसी भी बाहरी व्यक्ति का आना जाना प्रतिबंधित है। सोसायटी में कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आने का बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

12:51 PM, 19-Apr-2020

भोंडसी जेल के वार्डन को हुआ कोरोना

गुरुग्राम के भोंडसी जेल के वार्डन को भिवानी स्थित घर से लौटने के बाद कोरोना संक्रमित पाया गया। भिवानी से लौटने के बाद ड्यूटी ज्वाइन करने से पहले हुए परीक्षण में वार्डन में संक्रमण की पुष्टि हुई। गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जेल का कोई भी व्यक्ति उनके संपर्क में नहीं आया है।

12:48 PM, 19-Apr-2020

सफदरजंग अस्पताल के दो डॉक्टर संक्रमित

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में कार्यरत दो डॉक्टरों में आज कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी के साथ सफदरजंग अस्पताल में कुल संक्रमित डॉक्टरों की संख्या चार हो गई है।

12:24 PM, 19-Apr-2020

186 संक्रमितों में से किसी में कोरोना के लक्षण नहीं

केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शनिवार को पॉजिटिव पाए गए 186 मरीजों में से किसी में भी कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह बहुत खतरनाक बात है कोरोना वायरस फैल चुका है। अब लोगों को पता नहीं चल रहा है कि उन्हें कोरोना वायरस हो गया है और ऐसे में उनसे कई लोगों को संक्रमण फैल रहा है। 

12:15 PM, 19-Apr-2020

लॉकडाउन की शर्तों में कोई छूट नहीं

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस वक्त कोरोना से सबसे कठिन लड़ाई दिल्ली लड़ रही है। विदेश से आने वाले सबसे ज्यादा लोग दिल्ली ही आए। मरकज में जो कुछ भी हुआ उसकी भी सबसे ज्यादा मार दिल्ली को ही झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्थिति को देखते हुए और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार हमने यह निर्णय लिया है कि फिलहाल लॉकडाउन की शर्तों में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। एक सप्ताह बाद एक बार फिर इसपर विचार किया जाएगा।

12:07 PM, 19-Apr-2020

शनिवार को 736 टेस्ट हुए, 186 पॉजिटिव

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी शुरू हुई है। कल 736 टेस्ट की रिपोर्ट आई, जिनमें से 25 प्रतिशत यानी 186 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

11:34 AM, 19-Apr-2020

दिल्ली पुलिस का सबसे बड़ा राहत अभियान 

वर्ष 1948 में स्थापना के बाद से ऐसे संकट के दौर में पहली बार दिल्ली पुलिस द्वारा सबसे बड़ा राहत अभियान चलाया गया। शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और बेघरों को अब तक पांच मिलियन खाने के पैकेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं जरूरतमंद परिवारों के बीच अब तक 145 टन राशन का वितरण किया जा चुका है।

11:01 AM, 19-Apr-2020

दिल्ली में एक सप्ताह में 42,000 रैपिड टेस्टिंग का लक्ष्य

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि राज्य में कुल 1893 सकारात्मक मामले हैं जिनमें शुक्रवार के 186 मामले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमें 42000 रैपिड टेस्टिंग किट मिली हैं, एलएनजेपी अस्पताल में ट्रायल रन किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य एक सप्ताह में 42000 परीक्षण करना है।

10:12 AM, 19-Apr-2020

कलावती अस्पताल के आठ स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित

दिल्ली के कलावती अस्पताल के दो डॉक्टरों और छह नर्सों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने सभी 8 स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया है। उनके संपर्कों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रबंधन फिलहाल अस्पताल को कंटेनमेंट जोन में तब्दील करने को लेकर विचार कर रहा है।

10:09 AM, 19-Apr-2020

10 माह के बच्चे को कोरोना संक्रमण

दिल्ली के कलावती अस्पताल में रविवार को 10 माह के बच्चे और उसके पिता में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बच्चे की मां की कोरोना जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को सांस की समस्या होने पर उसके पिता अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में लेकर आए थे।

09:50 AM, 19-Apr-2020

निठारी की महिला ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

निठारी की रहने वाली एक घरेलू सहायिका ने लॉकडाउन के बीच हो रही अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि वह अन दिनों बहुत चिंतित है। उसकी 14 साल की बेटी को दिल की बीमारी है। उसे दवाओं की जरूरत है और दवा खरीदने के लिए पैसे खत्म हो गए हैं। पति रिक्शा चलाने का काम करते हैं। लॉकडाउन के कारण उनका काम भी ठप है। महिला ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
 

09:21 AM, 19-Apr-2020

शास्त्री पार्क इलाके में सुरक्षा बल तैनात

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके की गली संख्या चार के बी ब्लॉक को पूरी तरह सील कर दिया गया है। लोगों की आवाजाही और लॉकडाउन के पालन पर नजर रखने के लिए भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
 

09:14 AM, 19-Apr-2020

गुरुग्राम में कोरोना संक्रमित की मौत

गुरुग्राम जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय व्यक्ति जिनमें शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी, उनकी रात 12:00 बजे मौत हो गई।

09:10 AM, 19-Apr-2020

दिल्ली में 110 नए मामले आए सामने, दो की मौत, कंटेंटमेंट जोन की संख्या बढ़कर 79 हुई

आजादपुर सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोग
रोज की तरह रविवार सुबह भी दिल्लीवासी सब्जी और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए आजादपुर सब्जी मंडी पहुंचे। मालूम हो कि लॉकडाउन के दौरान मंडी के खुलने व बंद होने का समय निर्धारित कर दिया गया है। लोग यहां सुबह 6:00 से 11:00 बजे तक और शाम दोपहर 02:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक खरीदारी करने आते हैं।
 

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें