तिहाड़ जेल प्रशासन ने कोरोना को लेकर कैदियों की परिजनों से होने वाली मुलाकात पर 19 से 31 मार्च तक रोक लगा दी है। कैदियों को सिर्फ वकील से मिलने की इजाजत होगी। कैदी फोन पर अपने परिवार वालों से बात कर सकेंगे। उन्हें प्रतिदिन पांच मिनट फोन पर बात करने की इजाजत दी गई है।
कोरोना के खतरे को देखते हुए नए कैदियों को पुराने कैदियों से अलग रखा जा रहा है। खासकर विदेशी कैदियों के मामले में जेल प्रशासन पूरी तरह से सावधानी बरत रहा है। अभी 18 कैदियों को एकांतवास में रखा गया है। इसमें ऐसे कैदियों को रखा गया है जिसके बारे में पता चला है कि वह हाल में ही विदेश से लौटे हैं।
जेल अधिकारियों के मुताबिक एकांतवास में रखे गए किसी भी कैदी को फिलहाल कोरोना होने के लक्षण नहीं हैं। इसके बावजूद सावधानी के तौर पर उन्हें अन्य कैदियों से अलग रखा जा रहा है। जेल सूत्रों के अनुसार अलग रखे गए 18 कैदियों में आठ विदेशी हैं।