दिल्ली सरकार के जल मंत्री कपिल मिश्रा ने एसीबी की नीयत पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैंकर घोटाले में एसीबी पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को बचाने और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का षड्य़ंत्र रच रही है।
कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि टैंकर घोटाले के संबंध में एसीबी ने उनकी शिकायत को आज तक सही ढंग से नहीं पढ़ा है। इसी कारण एसीबी ने उनसे वही जानकारी एक पत्र लिखकर मांगी है जो वह लिखित और मौखिक तौर पर एसीबी को दे चुके हैं।
कपिल मिश्रा ने एसीबी के सहायक आयुक्त महेंद्रपाल सिंह के जानकारी मांगने संबंधी पत्र का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आपने पत्र में जो जानकारी मांगी है वह 4 जुलाई को पूरे विस्तार से आपके कार्यालय में दे चुके हैं।