दिल्ली प्रदेश कांग्रेस नेता शीला दीक्षित के सम्मान में कल शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर विशेष शोक सभा का आयोजन किया जाएगा। पार्टी नेता कल यहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
इसके अलावा पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य नेताओं के साथ बैठक की जाएगी और पार्टी को आगे बढ़ाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। चार अगस्त को प्रदेश कार्यालय पर शीला दीक्षित के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया जाएगा।
दस अगस्त को मॉडर्न स्कूल, बारहखंभा पर एक विशेष शोकसभा का आयोजन भी किया जाएगा जहां पार्टी लाइन से ऊपर उठकर किसी भी दल के नेता शीला दीक्षित को अपनी श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अमर उजाला से कहा कि शीला दीक्षित के चले जाने से कार्यकर्ताओं का निराश होना स्वाभाविक है, लेकिन दिल्ली की बेहतरी के लिए शीला दीक्षित के सपनों को लेकर आगे बढ़ने की जरुरत है और हम उसी तरफ आगे बढ़ रहे हैं।