तीनों नगर निगम के उपचुनाव में जनता ने तीनों दलों में से किसी भी एक दल की ओर पूरी तरह झुकाव नहीं किया। आप को पांच सीटें तो कांग्रेस को चार और भाजपा को तीन सीटें मिलीं। सबसे अधिक मतों से कमरुद्दीन नगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार अशोक भारद्वाज ने जीत हासिल की।
कांग्रेसी ने भाजपा उम्मीदवार अनिल सिन्हा को 7434 मतों से हराया, जबकि नानकपुरा वार्ड में जीत हासिल करने वाले आप के अनिल मलिक सबसे कम अंतर से जीते। उनसे भाजपा के नितिन शर्मा मात्र 522 वोट से हारे।
वहीं, उपचुनाव में सबसे अधिक मत मटियाला से आप उम्मीदवार रमेश ने हासिल किए। उनको 17644 वोट मिले। वह केवल 753 वोट से ही जीते हैं। उपचुनाव में सबसे कम सीट हासिल करने वाली भाजपा को सबसे अधिक मत मिले। उसके उम्मीदवार नौ वार्डों में दूसरे स्थान पर रहे, वहीं एक उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा।