आरपीएन सिंह कुशीनगर के सैंथवार के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। कांग्रेस से उनका पुराना नाता रहा है। पिता सीपीएन सिंह की तरह आरपीएन सिंह भी पडरौना के विधायक रहे हैं। 1996 से 2009 तक विधानसभा में गरजने के बाद आरपीएन सिंह 15वीं लोकसभा सदस्य बने। हालांकि अगले आम चुनाव में भाजपा के राजेश पांडेय ने उनको शिकस्त दी थी।
सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1964 को दिल्ली में हुआ था। उनकी पत्नी का नाम सोनिया सिंह है। आरपीएन और सोनिया की तीन बेटियां हैं। सिंह के पिता कुशीनगर से सांसद थे। वह इंदिरा गांधी की सरकार में रक्षा राज्यमंत्री भी रहे। आरपीएन सिंह युवा कांग्रेस उत्तर-प्रदेश के अध्यक्ष व ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव रह चुके हैं। सिंह को पडरौना का राजा साहेब कहा जाता है।
मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं
आरपीएन सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस का नाम और उससे जुड़े पदों को भी हटा दिया है। चर्चा है कि आरपीएन भाजपा की तरफ से स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ चुनावी मैदान में होंगे। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद आरपीएन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि, 'आज, जब पूरा राष्ट्र गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनीतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं।'