आईएनएक्स मीडिया मामले में आरोपी पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने सोमवार को तिहाड़ जेल में अपना 74वां जन्मदिन मनाया। उनका बेटा कार्ति, उनकी साली और एक दोस्त मिलने के लिए तिहाड़ जेल पहुंचे। उनकी मुलाकात आम रही। जेल प्रशासन के मुताबिक, तीनों ने प्रशासन से मुलाकात की अनुमति पहले ही ले ली थी। जन्मदिन पर पी चिदंबरम को जेल में कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मिली।
जेल सूत्रों ने बताया कि परिजनों से मुलाकात के दौरान पी चिंदबरम काफी सहज दिखे। बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों संग उनकी मुलाकात करीब आधे घंटे चली। सूत्रों का कहना है कि जन्मदिन होने की वजह से पी चिदंबरम सुबह जल्दी उठकर प्रार्थना में शामिल हुए। ऐसा लग रहा था कि उन्हें अपने परिजनों का इंतजार है। बेटे से मुलाकात के बाद उनकी लगातार बातचीत होती रही। जाने के दौरान पी चिदंबरम उन्हें कुछ समझाते हुए दिखे।
चिदंबरम जेल संख्या सात में सामान्य कैदी की तरह एक सेल में ही रह रहे हैं। उनके आसपास जेलकर्मियों का पहरा रहता है। चार स्तरीय सुरक्षा के बीच चिंदबरम जेल के नियमों का पालन कर रहे हैं। उन्हें जेल का खाना मिलता है। उनके स्वास्थ्य की लगातार जांच की जा रही है।