केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि एसवाईएल सदभावना यात्रा निकालने के मुद्दे पर कांग्रेस ड्रामा कर रही है। क्योंकि उसके पास और कोई मुद्दा ही नहीं बचा है।
गुर्जर बुधवार को सेक्टर-16 स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हवन यज्ञ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय विधायक विपुल गोयल ने किया। जिसमें भाजपा की जिला इकाई के सैंकडों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थापना दिवस में केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर और विधायक गोयल ने एक साथ यज्ञ में आहूति डाली। गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभक्तों की पार्टी है। इन्हीं नीतियों पर चलते हुए पार्टी ने देशवासियों को अनेकों लाभ दिए है जिनमें जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवासीय योजना, स्टार्ट अप इंडिया जैसी अनेकों योजनाओं के तहत गरीबों को फायदा पहुंचाया हैं।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, ललित नागर, मुकेश शास्त्री, ललित सैनी, प्रवीण चौधरी, अमन गोयल, कमल जख्मी, राकेश सूरी, छत्रपाल, विजय शर्मा, डॉ सुरेंद्र दत्ता, सोम मल्होत्रा, वजीर सिंह डागर, धर्मपाल, मनीष, बसंत शमा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।