भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने आम आदमी पार्टी (आप) को विदेशों से लिए गए धन से चलने वाली पार्टी बताया है। उन्होंने कहा कि इसका अधिकांश फंड विदेशी संस्थाओं से मिल रहा है। वह सोमवार को सेक्टर-12 स्थित वकीलों के चैंबर में अमर उजाला से बातचीत कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी व कांग्रेस का उद्देश्य देश व जनता की भलाई करना नहीं है। यह दोनों तो मिलकर सिर्फ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने का काम कर रहे हैं। इन दोनों ही पार्टियों के बीच अघोषित गठजोड़ है। क्योंकि कांग्रेस चाहती है कि जितनी अधिक सीट आप को मिलेंगी उतनी दिक्कत नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने में होगी। जब जब छोटी पार्टियां आगे बढ़ी हैं, उन्हें कांग्रेस ने समर्थन देकर सरकार बनाने में सहयोग किया है।
यहीं कारण है कि आप पार्टी लगातार कांग्रेस को बचाने का प्रयास कर रही है। जिस दिन कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कोई अहम फैसला आता है उसी दिन आप लोगों का ध्यान हटाने के लिए हंगामा खड़ा कर देती है।
आप और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि आज तक ऐसा नहीं हुआ कि किसी भी पार्टी को चुनाव लड़ने से पहले ही चुनाव चिन्ह आरक्षित कर दिया जाए। जबकि नियम चुनाव लड़ने और 10 फीसदी वोट हासिल करने के बाद चुनाव चिन्ह आरक्षित करने का है।
उन्होंने कहा कि आप की विचारधार को लेकर जनता में भ्रम की स्थिति है। एक ओर भारत माता की जय के नारे के साथ आंदोलन करते है। दूसरी तरफ कश्मीर को भारत का अंग मानने से साफ इनकार कर भारत माता की गर्दन काटने का काम करते हैं।