यहां से कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ के कद्दावर प्रत्याशी भिड़ेंगे। यहां से कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन और ‘आप’ के नेता आशुतोष मैदान में हैं।
विज्ञापन
2009 के चुनाव में कपिल सिब्बल ने भाजपा प्रत्याशी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को हराया था। मुस्लिम बहुल सीट होने के नाते कांग्रेस इस सीट पर जीत की प्रबल संभावना तलाश रही है। वहीं, ‘आप’ के प्रत्याशी आशुतोष और डॉ. हर्षवर्धन वैश्य समुदाय से हैं।
लिहाजा वैश्य वोटों में बंटवारा तय है। इस संसदीय सीट पर दस में से चार विधानसभा सीटों पर ‘आप’ का कब्जा है जबकि तीन भाजपा और चांदनी चौक व बल्लीमारान कांग्रेस के हाथ में है। एक सीट जेडीयू के पास है। विधानसभा चुनाव में कुल मतों की बात करें तो ‘आप’ 2.99 लाख के साथ पहले नंबर पर, 2.93 लाख के साथ भाजपा दूसरे व 2.43 लाख के साथ कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही है।
विज्ञापन
धुरंधर बनाम नए खिलाड़ी का मुकाबला
यहां से राजनीति के पुराने धुरंधर व नए खिलाड़ी के बीच मुकाबला होगा। यहां से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल, भाजपा के मनोज तिवारी और ‘आप’ की तरफ से जेएनयू के प्रोफेसर आनंद कुमार मैदान में हैं।
पिछले आम चुनाव में जेपी अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी बीएल शर्मा प्रेम को बड़े अंतर से हराया था। मुस्लिम बहुल सीट होने के नाते कांग्रेस इस सीट को भी पार्टी के लिए सकारात्मक मान रही है।
भाजपा ने इस सीट पर पूर्वांचली कार्ड खेला है। यहां की दस में से पांच विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है। जबकि तीन पर आप और दो पर कांग्रेस काबिज है। विधानसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के बीच 70 हजार मतों का अंतर है।
राष्ट्रीय नेता और प्रवक्ता आमने-सामने
इस सीट पर भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी मैदान में हैं जबकि कांग्रेस ने दिग्गज अजय माकन को फिर से मुकाबले में उतारा है। वहीं, ‘आप’ ने पत्रकार आशीष खेतान को उतारा है।
मसलन इस सीट पर मीडिया और मीडिया को खबर बताने वालों के बीच मुकाबला दिखेगा। विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस का कोई प्रत्याशी जीतकर विधानसभा नहीं पहुंच सका है। यहां केंद्रीय कर्मचारी वर्ग के वोटर की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
पिछले लोकसभा चुनाव में माकन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल को हराया था। हालांकि, विस चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह से इस सीट पर पराजित हुई है। दस में से सात सीट ‘आप’ के पास जबकि तीन पर भाजपा का कब्जा है। ‘आप’ को यहां से 3.42 लाख, भाजपा को 3 लाख और कांग्रेस को 2.15 लाख वोट मिले थे।
महिला सांसद की सीट बचाने की जंग
कांग्रेस ने यहां से फिर केन्द्रीय मंत्री व दो बार की सांसद कृष्णा तीरथ पर भरोसा जताया है। वहीं, भाजपा ने उदित राज को उतारा रहा, जिन्हें बाहरी माना जा रहा है। ऐसे में जहां महिला सीट बचाने की जंग होगी, वहीं बाहरी बनाम क्षेत्रीय की जंग भी दिखेगी।
उदित राज दूसरी पार्टी से भाजपा में आए हैं। भाजपा में उनकी उम्मीदवारी को लेकर विरोध चल रहा है। इसके अलावा ‘आप’ के महेंद्र सिंह का टिकट कटने के बाद पूर्व मंत्री राखी बिड़लान का नाम चर्चा में चल रहा है।
हालांकि, कृष्णा तीरथ को लेकर भी यहां विधानसभा चुनाव से ही भारी विरोध चल रहा है। इस आरक्षित सीट से जीते विधायक खुले तौर पर भी कृष्णा तीरथ का विरोध जता चुके हैं। यहां दस में से पांच विधानसभा सीट भाजपा के पास हैं। ‘आप’ के खाते में दो और कांग्रेस के खाते में दो विधायक हैं। इस सीट पर भाजपा को 4.96 लाख, ‘आप’ को 3.42 लाख व कांग्रेस को 3.04 लाख वोट मिले थे।
कांग्रेस ने पूर्वी दिल्ली से दो बार के सांसद संदीप दीक्षित को मौका देकर तय कर दिया है कि मुकाबला बाहरी बनाम क्षेत्रीय होगा। भाजपा ने राजनीति से दूर रहने वाले महेश गिरि को मौका दिया है।
वहीं, ‘आप’ ने भी राजमोहन गांधी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस नेता दोनों पार्टी के प्रत्याशियों को बाहरी बता रहे हैं। संदीप दीक्षित को कॉमनवेल्थ गेम्स से अब तक के कार्यों का फायदा मिल सकता है।
भाजपा के आर्ट ऑफ लिविंग संस्था से जुड़े महेश गिरि को लेकर पार्टी में विरोध है। पूर्वी दिल्ली में भी मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। कांग्रेस इसे अपने पक्ष में मान रही है।
विधानसभा चुनाव में यहां की दस में से पांच सीट आम आदमी पार्टी को मिली हैं। भाजपा को तीन और कांग्रेस के खाते में दो सीट आई हैं। भाजपा को यहां से 3.62 लाख, कांग्रेस को 3.28 लाख और आम आदमी पार्टी को 3.15 लाख वोट मिले हैं।