पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते पूरा उत्तर भारत सर्दी की चपेट में आ गया है। हिमाचल, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में कोहरा भी काफी परेशान कर रहा है।
कोहरे के चलते ही आज सुबह से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सभी उड़ानों पर दो घंटे तक ब्रेक लगा रहा। इसका कारण खराब दृश्यता के साथ ही कंजेशन भी था। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।
उत्तर रेलवे जोन की 600 में 80 से अधिक ट्रेनें सोमवार को प्रभावित हुईं। इनमें ज्यादातर 3 से 6 घंटे की देरी से चलीं। वहीं, कोहरे के चलते हरियाणा में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। दिल्ली में सर्दी का आलम यह है कि यहां न्यूनतम तापमान शिमला से नीचे चला गया है।
उत्तर भारत इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। खासकर दिल्ली-एनसीआर में पारा नित नए रिकॉर्ड बना रहा है। दिल्ली में शीत लहर का आलम यह है कि यहा न्यूनतम तापमान शिमला से भी कम है। इस सप्ताह सर्दी का प्रकोप और बढने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 दिसंबर से दिल्ली में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से भी कम रह सकता है। पाले व शील लहर के इस कहर से 30 दिसंबर से पहले राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी व राजस्थान के लिए शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।