ग्रेटर नोएडा के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हुए 126 करोड़ के भूमि घोटाले में मेरठ की भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट ने सात तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है।
अदालत ने तत्कालीन ओएसडी वीरपाल सिंह, तत्कालीन तहसीलदार सुरेश चंद्र शर्मा, रणवीर सिंह, तत्कालीन उपमुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश कुमार सिंघल, तत्कालीन प्रबंधक नियोजन बृजेश कुमार, नायब तहसीलदार चमन सिंह, लेखपाल पंकज कुमार के खिलाफ वारंट जारी कर गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।
इससे पहले पुलिस इस मामले में पूर्व सीईओ आईएएस पीसी गुप्ता समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में अभी तीन दर्जन से अधिक आरोपी फरार हैं।
सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम निशांक शर्मा ने बताया कि तीन जून को यमुना प्राधिकरण के 126 करोड़ के जमीन घोटाले के मामले में कासना कोतवाली में पीसी गुप्ता समेत 21 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।