दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार(24 दिसंबर) को अपनी सरकार के पांच साल के काम का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। साथ ही 65000 झुग्गी परिवारों को सर्टिफिकेट भी प्रदान किया। इस दौरान केजरीवाल सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, आज से पांच साल पहले दिल्ली की जनता ने नई राजनीति की शुरुआत की। दिल्ली की जनता ने 70 में से 67 सीट देकर हमें एतिहासिक जीत दिलाई। जो एतिहासिक बहुमत लोगों ने हमें दिया वैसा ही काम पांच सालों में दिल्ली में हुआ।
केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली सरकार के पिछले पांच साल के काम का रिपोर्ट कार्ड बनाते हुए हमें काफी मुश्किल हुई क्योंकि इतने काम थे कि समझ नहीं आ रहा था क्या लिखें और क्या छोड़ें। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सबसे प्रमुख काम शिक्षा के क्षेत्र में हुआ है।
पहला- शिक्षा के क्षेत्र की उपलब्धियां :
शिक्षा का बजट तीन गुना कर दिया।
20 हजार से ज्यादा नए क्लासरूम बनाए। पांच सालों में देश की सभी राज्य सरकारों और केंद्र ने मिलकर भी इतने क्लास नहीं बनाए होंगे।
पिछले तीन सालों से दिल्ली के सरकारी स्कूलों में रिजल्ट भी अच्छे आ रहे हैं। प्राइवेट स्कूलों के नतीजे जहां 93 प्रतिशत रहे, वहीं सरकारी स्कूलों के नतीजे 96 प्रतिशत रहे।
दिल्ली में पांच साल में अधिकतर स्कूलों को हमने फीस नहीं बढ़ने दी।
दूसरा- स्वास्थ्य के क्षेत्र में :
दिल्ली के हर व्यक्ति के लिए अच्छे और फ्री इलाज का इंतजाम किया, दिल्ली के सारे सरकारी अस्पतालों में इलाज फ्री कर दिया।
स्वास्थ्य का बजट 3500 करोड़ से बढ़ाकर 7500 करोड़ कर दिया।
400 से ज्यादा मोहल्ला क्लिनिक खोला।
दिल्ली के सभी अस्पतालों का कायाकल्प किया, अब दवा फ्री में मिलती है, सभी टेस्ट व सर्जरी फ्री कर दिए।
दिल्ली के दो करोड़ लोगों के साथ मिलकर डेंगू के खिलाफ लड़ाई लड़ी और यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
तीसरा- बिजली के क्षेत्र में :
दिल्ली में 24 घंटे बिजली आती है।
दो साल में हमने खूब तारें बदलीं।
32 लाख लोगों का बिल शून्य आ रहा है।
दिल्ली दुनिया का इकलौता शहर जहां 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त।