फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ को भी स्वाइन फ्लू

Sat, 21 Feb 2015 01:26 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
डीएम को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही अब सिटी मजिस्ट्रेट कपिल सिंह और सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव की तबीयत नासाज हो गई है। दोनों ही अधिकारियों ने सिर और गर्दन में दर्द की शिकायत के साथ मामूली बुखार बताया है।
विज्ञापन


दोनों ही अधिकारियों ने हेल्थ डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फानन दोनों अफसरों के घर से टेस्ट के लिए नमूने लिए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह थकान महसूस कर रहे थे। शुक्रवार सुबह ड्यूटी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जनता दरबार में लगी थी।

वहां सिर और गर्दन में दर्द के साथ ही मामूली बुखार भी महसूस हुआ। दोपहर डेढ़ बजे घर लौटे तो फिर आफिस नहीं जा सके। उन्होंने बताया कि सीओ इंदिरापुरम की हालत भी ऐसी ही थी।
विज्ञापन


इसके बाद सीएमओ डा. अजेय अग्रवाल को फोन जानकारी दी। इस पर दोनों अधिकारियों के नमूने जांच को भेजे गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि लाल पैथ लैब में अलग से नमूना भेजा है।

साथ ही जुकाम से पीड़ित 78 वर्षीय पिता आरबी सिंह और गनर का सैंपल भी भेजा गया है। वहीं, रेलवे के एसएसआई के बेटे और ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष के बेटे भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित हैं। एसएसई के बेटे की प्राइवेट लैब से स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

खौफ में लोग, अस्पतालों में बढ़े मरीज
डीएम को स्वाइन फ्लू होने के बाद सभी में खौफ की स्थिति बन गई है। सरकारी से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में मरीज तेजी से बढ़े हैं। दोनों सरकारी अस्पतालों को मिलाकर रोजाना करीब तीन हजार तक मरीज आ रहे हैं।

संयुक्त जिला अस्पताल में जहां आम दिनों अधिकतम छह से सात सौ मरीज आते थे वहां एक हजार से अधिक आ रहे हैं।

मोदीनगर में गोविंदपुरी स्थित एसडीएम ने सीएचसी का निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वाले स्टाफ को फटकार लगाई। मंडलायुक्त ने एसडीएम से तहसील दिवस पर अलग से स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्देश दिया।

होमियोपैथिक दवा की शार्टेज
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बाद मार्केट से स्वाइन फ्लू की वैक्सीन की पहले से ही शार्टेज हो रही थी। लेकिन अब होमियोपैथिक की दवाओं की भी मारामारी रही। मार्केट में इंफ्लूएंजम की शार्टेज चल रही है।

सब्जी मंडी स्थित उर्मिल होमियोफार्मेसी के संचालक और डा. विरेश्वर त्यागी ने बताया कि थोक विक्रेता के यहां से पिछले चार दिनों में इस दवा की शार्टेज चल रही है। जिनके पास यह दवा है वह मनमाने दामों में बेंच रहे हैं।

देसी इलाज
होम्योपैथ की दवा इन्फ्लूएंजम दवा भी स्वाइन फ्लू में उपयोगी मानी जाती है लेकिन यह पूरी तरह से सत्यापित नहीं है। जबकि आयुर्वेद में जिक्र है कि दूध में हल्दी मिलाकर पीने से, अदरख वाली चाय, तुलसी का काढ़ा पीने से भी राहत मिलती है। यही नहीं छोटी इलायची, दालचीनी और काली मिर्च कपड़े में बांधकर अपने साथ रखने और उसे सूंघते रहने से भी स्वाइन फ्लू मरीज को राहत मिलती है। - डॉ. एम. वली, आरएमएल के मेडिसिन विभाग के पूर्व प्रोफेसर

मुफ्त में दी दवा
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए होमियोपैथिक धर्मार्थ सेवा समिति ने शुक्रवार को कैंप लगाया। राकेश मार्ग स्थित हनुमान शनिधाम मंदिर में सुबह से दवा पीने वालों की भीड़ रही।
विज्ञापन


संचालक सत्यपाल सिंह ने बताया कि दो दिवसीय कैंप में शनिवार को भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दवा पिलाई जाएगी।

लक्षण
सर्दी जुकाम, बुखार, नाक बहना, सिर और गले में दर्द, गले में खराश, खांसी और छींक आना, मांसपेशियों में दर्द की शिकायत रहती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें