सेल्स टैक्स लिपिक की पत्नी नीरज त्यागी (50) की सोमवार रात गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने उनको स्वाइन फ्लू बताया था।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भेजी है, जिसकी अभी जांच नहीं हो पाई है।
गोविंदपुरी सारा रोड स्थित मानवतापुरी कालोनी निवासी ओमदत्त त्यागी की पत्नी नीरज त्यागी चार मार्च से गाजियाबाद स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती थीं।
ओमदत्त त्यागी गाजियाबाद स्थित सेल्स टेक्स विभाग में लिपिक के पद पर तैनात हैं। उनके मुताबिक पत्नी नीरज त्यागी (50) को 25 फरवरी की रात बुखार हुआ था।
इसके चलते उन्हें मोदीनगर के लोकप्रिय अस्पताल में ले जाया गया जहां दो दिन भर्ती रखने के बाद महिला का बुखार उतर गया और परिजन उसे घर ले आए।
तीन मार्च को फिर से महिला को थकान होने लगी। देर शाम तक हालत बिगड़ने पर परिजन महिला को लेकर गाजियाबाद यशोदा अस्पताल में पहुंचे।
मगर चार मार्च की सुबह महिला को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके चलते उन्हें वेंटीलेटर पर ले लिया गया। छह दिन महिला वेंटीलेटर पर रही और नौ मार्च की रात महिला ने दम तोड़ दिया।
ओमदत्त त्यागी का कहना है कि अस्पताल में हुए टेस्ट के महिला को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हो गई थी। गृहणी महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
परिवार में दो बेटी जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और एक बेटा है। मंगलवार सुबह परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सीएमओ डा. अजेय अग्रवाल ने बताया यशोदा अस्पताल से मंगलवार को रिपोर्ट भेजी है। यह रिपोर्ट भी अस्पताल के निजी लैब की रिपोर्ट है इसके अलावा अभी तक सैंपल भी नहीं भेजा गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिर्फ पांच निजी लैब को स्वाइन फ्लू के टेस्ट की मान्यता है, जिसमें लाल पैथलैब सहित अन्य लैब शामिल हैं। इसलिए जब तक जांच पूरी नहीं होगी तब तक स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं की जा सकती है।