डीएलएफ कालोनी में खुले मैनहोल में बुधवार को दस वर्षीय बच्ची गिर गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्ची को समय रहते बाहर निकाला।
अगर लोग सही समय पर बच्ची को नहीं देखते तो उसकी जान भी जा सकती थी। लोग कई बार मैनहोल खुले होने की शिकायत नगर निगम में कर चुके हैं, लेकिन इन्हें ढका नहीं जा रहा है।
डीएलएफ निवासी सारिका जैन ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी तनीषा जैन स्कूल जा रही थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार कार आ गई।
कार से बचने के लिए बच्ची किनारे हुई तो खुले मैनहोल में गिर गई। वह चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए और उसे बाहर निकाला।
लोगों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले सीवर का ढक्कन टूट गया था। इसकी शिकायत कई बार नगर निगम को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सीवर का ढक्कन लगाने कोई नहीं आया।
जलकल अवर अभियंता डीके सत्संगी ने बताया कि उन्हें मैनहोल खुले होने की जानकारी नहीं थी, क्षेत्र में जो मैनहोल खुले हैं, उसे जल्द बंद करने के निर्देश दे दिए गए हैं।