सीएम ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों
बैठक के बाद मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यमुना का जलस्तर बढ़ने से उत्पन्न स्थिति के बारे में अलग-अलग विभागों से जानकारी ली और उस पर विस्तार से चर्चा की। इसमें मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई कि वह उस जिले में आने वाले सभी राहत शिविर और पुनर्वास के कैंप लगाए गए हैं, वहां सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही सभी प्रशासनिक अफसरों को लिखित आदेश जारी किया जा रहा है। इन राहत शिविरों के मद्देनजर सभी संबंधित अफसर जिम्मेदार मंत्रियों को रिपोर्ट करेंगे। संबंधित मंत्री से ही आदेश लेंगे और उनके साथ सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को तत्काल अपने जिलों की कमान संभालने और काम पर लग जाने का निर्देश दिया है।
कम नहीं हुआ खतरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई जगह से खबर आ रही है कि कुछ लोग पानी में खेलने या तैरने जा रहे हैं। वीडियो, सेल्फ़ी के लिए जा रहे हैं। कृपया ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है। अभी बाढ़ का खतरा खत्म नहीं हुआ। पानी का बहाव बहुत तेज है। पानी कभी भी बढ़ सकता है।